प्रदेश में समूह-ग की दो बड़ी परीक्षाएं एक ही दिन आयोजित होने से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परेशान हैं। एक ओर उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद की परीक्षा तो दूसरी ओर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा 17 जनवरी को तय हो गई है।
अभ्यर्थी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से परीक्षा तिथि बदलने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों ने बुधवार को मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह को ज्ञापन भेजा।
मुश्किल में परीक्षार्थी
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की सहायक लेखाकार की परीक्षा की तिथि हाल ही में घोषित हुई है। आयोग यह परीक्षा 17 जनवरी 2016 को कराएगा। जबकि इस दिन पहले से ही प्राविधिक शिक्षा परिषद की परीक्षा की तिथि तय है।
परिषद इसके एडमिट कार्ड भी काफी समय पहले ही जारी कर चुका है। अभ्यर्थियों का कहना है कि इसके बावजूद अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने इसी दिन परीक्षा तय कर दी है। अब वह परेशान हैं कि कौन सी परीक्षा में बैठें। लिहाजा, अभ्यर्थियों ने मांग की है कि आयोग अपनी परीक्षा की तिथि आगे बढ़ा दे।
तिथि बदलने की मांग
मामले में अब अभ्यर्थियों ने मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह को ज्ञापन भेजा है। इसमें उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द परीक्षा की तिथि बदलवाई जाए, ताकि वह दोनों परीक्षाओं में बैठ सकें। मांग करने वालों में नरेंद्र सिंह राणा, उमेश रावत, राकेश, प्रीतम, अब्दुल आदि का नाम शामिल है।