सूबे के इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कालेजों में प्रवेश के लिए होने वाली यूपी राज्य प्रवेश परीक्षा (यूपीएसईई) में आवेदन प्रक्रिया रविवार का थम गई। यूपीटीयू के आवेदन तिथि में एक दिन के इजाफे के बाद साइबर कैफे में अप्लाई करने वालों की लाइन लगी रही।
छह अप्रैल तक आवेदन करने वाले छात्रों को अपना कंफर्मेशन लैटर सोमवार को हर हाल में भेजना होगा। कंफर्मेशन पेज जमा कराने के लिए नौ अप्रैल को शाम पांच बजे तक का ही वक्त बचा है। ऑफलाइन आवेदन करने वाले छात्रों को सोमवार को फीस जमा करने के बाद फौरन कंफर्मेशन पेज विवि भेजना होगा।
यूपीटीयू की 20 अप्रैल को होने वाली ऑफलाइन प्रवेश परीक्षा में बीटेक, बीटेक बायोटेक, बीफार्मा, बीआर्क, बीएचएमसीटी, बीएफएडी, बीएफए और लेटरल एंट्री में आवेदन करने वाले छात्र प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं, 27 अप्रैल को एमबीए, एमसीए और एमएएम कोर्सेज के लिए ऑनलाइन परीक्षा आयोजित होगी।