निजी स्कूलों में नर्सरी के शैक्षणिक सत्र 2016-17 के अंतर्गत एक जनवरी से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। स्कूलों में जारी ऑफलाइन व ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का शुक्रवार को अंतिम दिन है।
आर्थिक पिछड़े वर्ग व वंचित वर्ग के लिए पहली बार शुरू की गई केंद्रीयकृत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुक्रवार को समाप्त हो जाएगी। वहीं, मैनेजमेंट कोटा पर कोर्ट से राहत मिलने के बाद स्कूलों की संस्था एक्शन कमेटी ने तय किया है कि मानकों में मैनेजमेंट कोटे को जोड़े रखा जाएगा।
नर्सरी में दाखिले के लिए दो दिन शेष रहने के कारण स्कूलों में फॉर्म जमा करने के लिए अभिभावकों की लंबी लाइनें लग रही हैं। फॉर्म जमा कराने के लिए महज दो से तीन घंटे का समय होने के कारण अभिभावक एक दिन में केवल एक से दो स्कूल में ही फॉर्म जमा करा पा रहे हैं।
स्प्रिंगडेल्स स्कूल की प्रिंसिपल अमिता मूला वट्टल ने बताया उनके स्कूल की दो शाखाओं कीर्ति नगर व पूसा रोड में सामान्य वर्ग की 43 सीटों के लिए चार हजार ऑनलाइन फॉर्म जमा हो चुके हैं। कीर्ति नगर में 18 सीटें व पूसा रोड में 25 सीटें हैं। वहीं डीएवी मौसम विहार स्कूल की प्रिंसिपल वंदना कपूर ने बताया कि अब अभिभावकों का जोर फॉर्म जमा कराने पर है।
उनके यहां सामान्य वर्ग की 150 सीटों के लिए अब तक 900 से अधिक फॉर्म जमा हो चुके हैं। दो दिन शेष होने रहने के कारण अभी यह आंकड़ा और बढ़ जाएगा। वही मैनेजमेंट कोटे पर कोर्ट से राहत मिलने के बाद स्कूलों की संस्था एक्शन कमेटी ने तय किया है कि उनसे संबंधित स्कूल अपने मानकों में मैनेजमेंट कोटे को जोड़े रखें।
साथ ही दूरी, पूर्व छात्र, भाई-बहन व स्टाफ कोटे के मानक को भी शामिल रखें। वहीं शाकाहारी, शराब का सेवन न करने पर अंक दिए जाने वाले स्कूलों को ऐसे मानक हटाए जाने की सलाह दी गई है।