दिल्ली विश्वविद्यालय में इतिहास, राजनीति शास्त्र और भूगोल जैसे आर्ट्स के कोर्स कॉमर्स और साइंस कोर्स पर भारी पड़ रहे हैं। पहली कट ऑफ लिस्ट के बाद कई कॉलेजों में इन कोर्स के लिए सामान्य श्रेणी के छात्रों के लिए बिल्कुल मौका नहीं है।
इस तरह से इन कोर्स के लिए कुछ कॉलेजों में दूसरी कट ऑफ जारी नहीं होगी। चूंकि इन कोर्स में पहले ही ओवर एडमिशन हो गए हैं, लिहाजा शिफ्टिंग भी हुई तो कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा।
वहीं, अब भी बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स, ईको और साइंस में दाखिले की काफी संभावनाएं हैं। कॉलेजों में शनिवार को पहली कट ऑफ लिस्ट के दाखिले बंद हो गए हैं।
पहली लिस्ट के दाखिलों के आधार पर ही कैंपस के कॉलेजों समेत अन्य कॉलेजों में भी कुछ कोर्स की सामान्य श्रेणी की सीटें भर गई हैं।