एलयू के स्टूडेंट अब घर पर बैठकर भी पुस्तकालय की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। टैगोर लाइब्रेरी को जल्द ही पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत किया जाएगा।
इसके तहत स्टूडेंट को लॉगिन व पासवर्ड दिया जाएगा, ताकि वे कहीं पर भी बैठकर इस सुविधा का लाभ ले सकें। यह घोषणा लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसबी निमसे ने कही।
वे सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के टैगोर पुस्तकालय में राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. निमसे ने कहा कि अभी एलयू के स्टूडेंट व शोधार्थियों को डेलनेट व इन्फिलिबनेट की सुविधा दी जा रही है। इससे वे नेशनल व इंटरनेशनल लेवल के नेटवर्क से जुड़कर अपना ज्ञानवर्धन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. एनआर सत्यानारायन ने कहा कि स्टूडेंट को पुस्तकालय का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।
स्वाध्याय करने से ही विषय की गूढ़ जानकारी हासिल होती है। कार्यक्रम में टैगोर पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि हम यूनिवर्सिटी में हर स्टूडेंट को जोड़ने पर जोर दे रहे हैं। ताकि स्टूडेंट इसका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।