डीयू के किरोड़ीमल कॉलेज में स्पोर्ट्स-ईसीए दाखिले को लेकर गुरुवार को छात्रों और अभिभावकों ने खूब हंगामा किया। विशेष दाखिला समिति के निर्देश पर कोटे के तहत बृहस्पतिवार को छात्रों को कॉलेज में दाखिला दिया जाना था।
छात्र जब दाखिले के लिए कॉलेज पहुंचे तो प्रिंसिपल डॉ. एसपी गुप्ता गायब मिले। इससे नाराज छात्र और उनके साथ आए अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया।
पढ़ें-डीयू में बंद हुए दाखिले के दरवाजे
छात्र और साथ आए अभिभावकों ने पहले कॉलेज और फिर विश्वविद्यालय में कुलपति कार्यालय के बाहर हंगामा किया। हालांकि शाम होते-होते डीन छात्र कल्याण प्रो. जेएम खुराना ने प्रदर्शनकारी आवेदकों और उनके परिजनों से मुलाकात की।
उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रों के दाखिले होंगे। इसके लिए एक अगस्त को विश्वविद्यालय की विशेष मंजूरी मिलेगी, जिसके बाद स्पोर्ट्स और ईसीए कोटे की सभी सीटों पर दाखिले होंगे।
पढ़ें:यूपीटीयू: सीट पक्की करने का आखिरी मौका
कॉलेज की स्पेशल दाखिला कमेटी के एक सदस्य ने बताया कि बीते कई दिनों से स्पोर्ट्स व ईसीए कोटे के दाखिलों को लेकर कॉलेज में जारी खींचतान का हल बुधवार को सर्वसम्मति से निकाला गया।
इसमें तय किया गया था कि ईसीए और स्पोर्ट्स कोटे के लिए 18 जुलाई को जारी योग्य उम्मीदवारों को दाखिला दिया जाएगा। कमेटी के इस फैसले पर प्रिंसिपल डॉ. एसपी गुप्ता ने अपनी मुहर लगाई थी।
पढ़ें:सिर्फ दो दिन में होगी कैट परीक्षा
कमेटी सदस्य ने बताया कि इस निर्णय के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब 9:30 बजे ही दाखिले के लिए आवेदक और उनके अभिभावक पहुंचने लगे। अभी उन्होंने आवेदन फॉर्म जमा कराया था कि दाखिले के लिए बनी स्टैंडिंग कमेटी दाखिला देने से पहले प्रिंसिपल की अनुपस्थिति में उनकी ओर से हरी झंडी की मांग करने लगी।
सुबह 10:30 बजे तक जब प्रिंसिपल कॉलेज नहीं पहुंचे तो उन्हें फोन लगाया गया, लेकिन कोई सूचना नहीं मिली। इसके बाद दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से ठप हो गई। दाखिले के अंतिम दिन प्रिंसिपल की अनुपस्थिति के चलते अभिभावकों व आवेदकों ने डीयू में छात्र संगठनों के साथ हंगामा शुरू कर दिया।