नोएडा में चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) द्वारा सोमवार को जारी पांचवीं कटऑफ पर गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में घंटों तक जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ।
पहली तीन मेरिट के छूटे छात्रों को मौका न दिए जाने से नाराज छात्रों ने प्रिंसिपल को बंधक बनाकर नारेबाजी की। नाराज छात्रों ने कॉलेज परिसर के बाहर सेक्टर-39 की आंतरिक सड़क जाम कर दी। मौके पर पुलिस बुलाकर छात्रों को शांत कराया गया।
दरअसल, पीजी कॉलेज के लगभग 50 छात्र ऐसे हैं जो पहली तीन मेरिट में दाखिला लेने से छूट गए हैं। कॉलेज की तरफ से इन छात्रों के नाम विवि को भेज दिए गए थे, ताकि पांचवीं मेरिट लिस्ट में इन्हें शामिल किया जा सके।
लेकिन विवि ने जो कटऑफ बनाई है उसमें आवेदन करने वाले सभी छात्रों को मेरिट के आधार पर जगह दे दी गई है, जिससे स्थानीय छात्रों को बेहद कम सीट मिल पाई हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि पहले उन छूटे छात्रों को दाखिला दिया जाए, जिनके नाम पिछली तीन मेरिट में हैं और उनकी सूची कॉलेज की ओर से विवि को उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके बाद अगली मेरिट जारी की जाए।
पांचवीं मेरिट पर हुए 22 दाखिले
डिग्री कॉलेज की पांचवीं मेरिट के दाखिले सोमवार से शुरू हो गए जिसमें 22 छात्रों ने फॉर्म भर दिया है। इसमें बीए के 18, बीकॉम के दो और बीएससी बायो में दो दाखिले हुए हैं। बीएससी मैथ में कोई छात्र दाखिला लेने नहीं पहुंचा।
चौथी कटऑफ से ऊपर गई मेरिट
इस पांचवीं कटऑफ में उन छात्रों को भी जगह दी गई है जिन्होंनें री-कंसिडरेशन का विकल्प चुना था। ऐसे में ये मेरिट पिछली कटऑफ के मुकाबले 10 से 15 फीसदी तक ऊपर गई है। वेटेज के आधार पर बनाई गई कटऑफ (मेरिट इंडेक्स) 105 फीसदी तक पहुंची है।