एसजीआरआर कॉलेज में एबीवीपी ने एक बार फिर छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया है। इस पद पर हुए कड़े मुकाबले में नवल किशोर नेगी ने एनएसयूआई के नितिन चंदीला को 21 वोटों से हरा दिया। वहीं, महासचिव पद पर एनएसयूआई की सुचित्रा रावत ने 86 मतों से जीत दर्ज की।
पहली बार अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी उतारने वाले आर्यन ग्रुप के हाथ से इस बार महासचिव पद भी निकल गया। 3013 वोटरों में से सिर्फ 1253 ने ही वोट डाला।
शनिवार को कॉलेज में सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। पूरे दिन मतदान धीमी गति से चलता रहा और एक बजे तक मतदान प्रतिशत बमुश्किल 41 का आंकड़ा छू पाया। मतगणना के बाद शाम करीब चार बजे नतीजों की घोषणा की गई।
उपाध्यक्ष पद पर समाजवादी युवजन सभा के कशिश भदौरिया ने 335 मतों से, कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के प्रत्याशी आशीष पंवार ने 96 मतों से और विवि प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी के अजय भट्ट ने 23 मतों से जीत दर्ज की।
छात्र संगठनों ने ही ‘छीना’ अधिकार
एसजीआरआर कॉलेज में प्रोफेशनल कोर्स के छात्रों को चुनाव के बीच ही मतदान के हक से वंचित कर दिया गया। सुबह 11 बजे तक कॉलेज प्रशासन की छूट पर एग्रीकल्चर, माइक्रोबायोलॉजी सहित अन्य प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय वर्ष के छात्रों ने वोट डाले लेकिन एबीवीपी और एनएसयूआई के विरोध के बाद इन्हें लौटा दिया गया।
विरोध के दौरान छात्रों की पुलिस और कॉलेज प्रशासन से तीखी नोंक झोंक भी हुई। इसके बाद पुलिस ने छात्रों को लाठियां फटकार कर खदेड़ा।
दोनों संगठनों का कहना था कि जब इन पाठ्यक्रमों का रिजल्ट ही नहीं आया है तो छात्र वोट कैसे डाल सकते हैं। इसके बाद मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप सिंह ने इन छात्रों को वोट डालने से रोक दिया। यह बात अलग है कि इन छात्रों के पास आईकार्ड भी थे और कालेज में दाखिला भी था।
प्रत्याशियों को मिले वोटों पर एक नजर
अध्यक्ष-- वोट-- संगठन
नवल किशोर नेगी--- 461--- एबीवीपी
नितिन कुमार चंदीला- 440- एनएसयूआई
हर्षित उनियाल- 338- आर्यन
उपाध्यक्ष
कशिश- 786-- समाजवादी युवजन सभा
मौ. बिलाल- 451-- एनएसयूआई
महासचिव
सुचित्रा रावत-- 606-- एनएसयूआई
अनुराग कटियार-- 520-- आर्यन ग्रुप
नितेश खंतवाल-- 115-- एसएफआई
कोषाध्यक्ष
आशीष पंवार-- 664-- एनएसयूआई
शामली खत्री-- 568-- एबीवीपी
सहसचिव
सुमानी रौतेला(निर्विरोध)
विवि प्रतिनिधि
अजय भट्ट-- 492-- एबीवीपी
अभिलाष भंडारी-- 469-- एनएसयूआई
जीत बहादुर-- 269-- शिवा ग्रुप
अध्यक्ष पद पर 14, उपाध्यक्ष पद पर 16, महासचिव पद पर 12, कोषाध्यक्ष पद पर सात, विवि प्रतिनिधि पद पर आठ मत अवैध घोषित किए गए। परिणाम आने के बाद एबीवीपी ने पथरीबाग स्थित चुनाव कार्यालय पर और एनएसयूआई ने कॉलेज के गेट पर जीत का जश्न मनाया।
ABVP और NSUI दोनों को आर्यन का डर
इस बार आर्यन ग्रुप ने अध्यक्ष पद पर भी प्रत्याशी उतारा था। इस वजह से एबीवीपी और एनएसयूआई को डर था कि कहीं प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय व तृतीय वर्ष के छात्रों को वोट डालने दिया गया तो उन्हें नुकसान हो सकता है। इस वजह से दोनों संगठनों ने एक साथ मिलकर इसका विरोध किया।
पूर्व अध्यक्ष को नहीं मिली एंट्री
एसजीआरआर कालेज में उस वक्त हंगामा हो गया जब सत्र 2013-14 के छात्रसंघ अध्यक्ष महादेव प्रसाद रतूड़ी को कॉलेज के गेट से भीतर नहीं जाने दिया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप सिंह का कहना था कि महादेव का कॉलेज में एडमिशन नहीं है।
काफी कोशिश के बाद भी महादेव को कॉलेज में एंट्री नहीं मिल पाई। मतदान संपन्न होने के बाद काउंटिंग के दौरान महादेव कॉलेज में घुस पाए।