राजधानी देहरादून के डीबीएस पीजी कॉलेज में चुनावी बिगुल बज गया है। कॉलेज में छात्रसंघ के लिए मतदान चार सितंबर को होगा।
28 व 29 अगस्त को होगी नामांकन पत्रों की बिक्री
कॉलेज प्रशासन ने सोमवार को चुनाव अधिसूचना जारी कर दी, जिसके साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। डीबीएस कॉलेज की मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. प्रत्यूष वत्सला ने बताया कि 28 व 29 अगस्त को नामांकन पत्रों की बिक्री होगी।
30 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक छात्र नामांकन दाखिल कर सकेंगे। तीन बजे नामांकन लिस्ट जारी कर दी जाएगी। अगर किसी को किसी प्रत्याशी के संबंध में आपत्ति है तो वह इस बीच आपत्ति दर्ज करा सकता है।
शाम साढ़े चार बजे तक नाम वापस लिया जा सकेगा। इस बीच आपत्तियों की भी सुनवाई की जाएगी। शाम 5:30 बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। मतदान चार सितंबर को होगा और इसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
डॉ. वत्सला ने बताया कि बाहर से छपे बैनर व फ्लैक्स कालेज परिसर में लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रत्याशी हाथ से बने हुए चार्ट फिजिक्स लैब से लेकर रूम नंबर एक तक लगा सकते हैं।
आम सभा एक सितंबर को
गत वर्ष शुरू की गई छात्र संघ आम सभा प्रक्रिया इस बार भी जारी रहेगी। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि एक सितंबर को कालेज परिसर में आम सभा आयोजित होगी।
सभा में सभी प्रत्याशी छात्रों के सामने अपने विचार व्यक्त करेंगे। प्रत्याशी बताएंगे कि उनकी क्या प्राथमिकताएं होंगी, गत वर्षों में उनके संगठन ने छात्र हित में क्या काम किया है।