एडवाइजर विजय कुमार देव के आदेश के बाद यूटी पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने शहर में छात्रसंघ चुनाव के पोस्टर लगाने वाले छह छात्र नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ में छात्रसंघ नेताओं को हिदायत दी है कि यदि पोस्टर लगाते हुए कोई पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि वीरवार को प्रशासक के सलाहकार विजय कुमार देव ने शहर में छात्रसंघ चुनावों के पोस्टर लगाने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने पोस्टर लगाने वाले छात्र नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे। सेक्टर-10 डीएवी कालेज के छात्र संदीप सिंह के खिलाफ सेक्टर-34 थाना पुलिस ने पोस्टर लगाने के मामले में केस दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि संदीप सिंह ने अपनी पार्टी का पोस्टर लोकल बस स्टाप पर लगाया था। वहीं सेक्टर-11 स्थित सरकारी कालेज के अज्ञात छात्र के खिलाफ सेक्टर-11 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि किसी अज्ञात वर्कर ने सेक्टर-11 की मार्केट में जीएसएसयू पार्टी के पोस्टर लगाए हैं।
इसके अलावा सेक्टर-11 थाना पुलिस ने आईएसए के एक अज्ञात छात्र के खिलाफ सेक्टर-15/11 केपास बिजली के खंभे पर पोस्टर लगाने का केस दर्ज किया है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने सेक्टर-26 एसजीजीएस कालेज के एनएसयूआई चेयरमैन संपत मेहरा के खिलाफ पोस्टर लगाने का केस दर्ज किया है।
पार्टी ने अपना पोस्टर लोकल बस स्टाप और कालेज के आसपास के बिजली के खंभों पर लगा रखा है। वहीं सेक्टर-26 स्थित एसजीजीएस कालेज के कैंपस इंचार्ज प्रवीण जाट के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। प्रवीण जाट ने पोस्टर बस स्टाप और बिजली के खंभे पर लगा रखा है।
सेक्टर-3 थाना पुलिस ने एक अज्ञात के खिलाफ एसओआई के पोस्टर लगाने का केस दर्ज किया है। पार्टी ने अपना पोस्टर सेक्टर-10 मार्केट स्थित शोरूम-23 के पिलर पर लगा रखा है।