दसवीं और जमा दो के स्कूल शिक्षा बोर्ड की मेरिट में शामिल एक हजार मेधावी छात्रों को हिमाचल दिवस यानी 15 अप्रैल को ही लैपटॉप दिए जाएंगे। अमर उजाला में 28 फरवरी के अंक में ‘हिमाचल दिवस पर नहीं बंटेंगे मेधावी स्टूडेंट्स को लैपटॉप’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए शिक्षा विभाग ने टेंडर नोटिस में शर्तों को बदल दिया है।
अब 11 मार्च की जगह 14 मार्च को टेंडर खुलेंगे। 10 प्रतिशत यानी एक हजार लैपटॉप चार हफ्तों के भीतर सप्लाई करने को कहा गया है। पहले छह सप्ताह में दस हजार लैपटॉप देने की बात कही गई थी। वीरवार को जारी नए आदेशों के तहत एक हजार लैपटॉप शिमला में 14 मार्च की तारीख से चार हफ्तों के बीच में उपलब्ध करवाने को कहा गया है।
शेष नौ हजार लैपटॉप छह सप्ताह के भीतर सभी जिलों में संख्या के हिसाब से मुहैया करवाने होंगे। स्टेट इलेक्ट्रानिक डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से शिक्षा विभाग ने लैपटॉप खरीद के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान ने टेंडर नोटिस की शर्तों में बदलाव होने की पुष्टि की है।
अमर उजाला ने ने शिक्षा विभाग की लचर कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए थे। बताया गया था कि विभाग की देरी के चलते हिमाचल दिवस पर मुख्यमंत्री के हाथों से लैपटॉप वितरण नहीं हो सकेगा। अब हरकत में आए शिक्षा विभाग ने रिवाइज टेंडर नोटिस निकाला है।
टेंडर नोटिस में चयनित होने वाली कंपनी को चार हफ्ते में एक हजार लैपटॉप देने को कहा गया है। इस बदलाव के बाद अब हिमाचल दिवस पर मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप मिलने का सपना पूरा हो जाएगा।