गढ़वाल विवि में छात्र गुट एक बार फिर सोशल मीडिया में एक-दूसरे के खिलाफ मुखर हो गए हैं। अभाविप से जुड़े एक छात्र नेता को सोशल मीडिया पर धमकी दी गई है। छात्र नेता ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी से शिकायत की है।
चुनाव से पूर्व बढ़ी गहमागहमी
गढ़वाल विवि में छात्रसंघ चुनाव के नजदीक आते ही माहौल गरमाने लगा है। पूर्व में अध्यक्ष पद के दो विरोधी गुटों में फेस बुक पर कमेंट करने से बिगड़ी बात पर जम कर लात घूसे चले थे। तब छात्र एक-दूसरे को मारने के लिए हॉकी व लाठी-डंडों को लेकर दिन भर सड़कों पर दौड़ते रहे थे।
पुलिस की तत्परता से किसी तरह मामला शांत हुआ था। अब एक बार फिर छात्र सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ मुखर हो गए हैं। अभाविप से जुड़े एक छात्र नेता के फेसबुक पर फिर धमकी दी गई है।
एसडीएम से की शिकायत
छात्र नेता ने इस संबंध में एसडीएम से शिकायत की है। वहीं बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्र दिन भर अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जुलूस प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में छात्र गुटों में कभी भी भिड़ंत हो सकती है, लेकिन विवि प्रशासन इस बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है।