गढ़वाल विवि की वार्षिक परीक्षाओं के अंतिम परिणाम में देहरादून के एसजीआरआर पीजी कॉलेज का जलवा कायम रहा है।
कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बीए, एमए, एमएससी सहित कई कोर्स में गढ़वाल विवि और सभी संबद्ध कॉलेजों में टॉप 10 में जगह बनाकर नाम कमाया है। खासकर पांच से ज्यादा कोर्स में कॉलेज की छात्राएं अव्वल साबित हुई हैं। प्राचार्य प्रो. वीए बौड़ाई ने सभी छात्रों को बधाई दी है।
एसजीआरआर कॉलेज के एमए इकनॉमिक्स में छात्रा रोहिणी ने टॉप किया है। आकांक्षा पूरे विवि में दूसरे स्थान पर रही है। एमएससी फिजिक्स में शिवानी गुप्ता ने विवि में टॉप किया है। एमए इकनॉमिक्स 2011-13 बैच में फरहीन खान पूरे विवि में दूसरे स्थान पर और सोनल आनंद विवि में चौथे स्थान पर रही है।
एमए अंग्रेजी में अर्जुन शर्मा ने विवि व सभी कॉलेजों के बीच से पांचवां स्थान हासिल किया है। एमए अंग्रेजी 2011-13 बैच में आस्था असवाल ने पूरे विवि में पांचवां स्थान पाया। बीए अंतिम वर्ष में सरिता ने पूरे विवि में पहला स्थान हासिल किया।
बीए अंतिम वर्ष में नियति तिवारी ने विवि में 9वां स्थान हासिल किया। एमएससी बॉटनी में छात्रा यामिनी शर्मा ने पांचवीं पोजिशन हासिल की। प्राचार्य प्रो. वीए बौड़ाई ने बताया कि विवि की परीक्षाओं के अंतिम परिणाम आने के कई महीने बाद मेरिट का पता चला है।
जब नैक (नेशनल एसेस्मेंट एंड एक्रिडिएशन काउंसिल) की फाइल तैयार करने की बारी आई तो यह प्रतिभाएं निखरकर सामने आईं। उन्होंने इस कामयाबी पर सभी छात्र विशेषकर छात्राओं को बधाई दी है।