देहरादून के एसजीआरआर पीजी कॉलेज में बीएससी एग्रीकल्चर की मेरिट जारी होने के अगले ही दिन सवालों के घेरे में आ गई।
कटऑफ के दायरे में आने वाले कई छात्रों के नाम न होने का आरोप लगाते हुए छात्र संगठनों ने पारदर्शी लिस्ट नंबर प्रतिशत के साथ जारी करने की मांग की है।
एग्रीकल्चर मेरिट जारी की गई थी
साथ ही चेताया है कि ऐसा न करने पर वे 10 जुलाई से प्रस्तावित काउंसिलिंग रोक देंगे। कॉलेज में सोमवार को बीएससी एग्रीकल्चर की मेरिट जारी की गई थी।
छात्र संघ अध्यक्ष महादेव रतूड़ी, एबीवीपी नेता साकेंद्र रावत समेत कई छात्र नेता मंगलवार को मेरिट लिस्ट का विरोध करते हुए एग्रीकल्चर विभाग पहुंचे। यहां शिक्षकों से तीखी बहस के बाद सभी प्रिंसिपल ऑफिस पहुंचे।
कई छात्रों के नाम गायब
यहां कार्यवाहक प्राचार्य डॉ एके गुप्ता के सामने नेताओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज ने मेरिट तो जारी की है, लेकिन कटऑफ में आने वाले कई छात्रों के नाम गायब हैं। लिस्ट में छात्रों के नाम के आगे प्रतिशतता भी दी जाए।
कॉलेज प्रशासन पहले बहानेबाजी करता रहा, लेकिन बाद में विचार करने की बात कही। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि मेरिट में छात्रों की प्रतिशतता जारी नहीं हुई तो वह काउंसिलिंग नहीं होने देंगे। यहां पवन चौहान, विपिन भट्ट, आशीष गुसाईं, सुचित्रा रावत, अभिलाष भंडारी, नितिन चंदीला, भजन सिंह रावत, सोनू, ललित पंवार मौजूद रहे।
जल्द होगी नई लिस्ट जारी
छात्र संगठनों के सख्त विरोध के बाद कॉलेज प्रशासन नई सूची की तैयारी में है। इसमें छात्रों के नाम संग प्रतिशत भी होगा।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि नियमानुसार कॉलेज में किसी दूसरे राज्य का आरक्षित छात्र सामान्य श्रेणी में ही गिना जाता है। वह छात्र राज्य कोटे की सीटों पर ही दाखिला ले सकते हैं।
बाकी सीटें उत्तराखंड के छात्रों के लिए हैं। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ एके गुप्ता ने कहा कि लिस्ट दोबारा छात्रों के प्रतिशत के साथ जारी कर दी जाएगी।