एसएफआई की संजौली कालेज इकाई ने मंगलवार को कालेजों में बिना सुविधाएं दिए रूसा लागू करने और प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम घोषित करने में चार माह की देरी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
एसएफआई नेता पंकज और सचिव अक्षित ने कहा कि दिसंबर में हुई रूसा की यूजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम चार माह बाद भी घोषित नहीं किया है।
वहीं, दूसरे सत्र की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, मगर विवि अब तक प्रथम सत्र का परिणाम तक घोषित नहीं कर पाया है। इससे छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्र परेशान है कि आखिर उनका रिजल्ट कब निकलेगा। उन्होंने विवि प्रशासन से परीक्षा परिणाम जल्द से जल्द घोषित करने की मांग को उठाया।
इन छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा एससीए को भंग करने के फैसले का विरोध किया, और इसे तुरंत वापस लेने की मांग भी उठाई।