लखनऊ विश्वविद्यालय में पीजी में दाखिले के लिए फर्स्ट काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभी करीब 35 प्रतिशत सीटें खाली हैं।
ऐसे में अब सेकंड कटऑफ रविवार या सोमवार को घोषित कर दी जाएगी। इसके बाद स्टूडेंट ऑनलाइन बैंक चालान व क्रेडिट और डेबिट कार्ड से फीस जमा कर सकेंगे।
यानी, ऑफ कैंपस ऑनलाइन काउंसलिंग ही होगी। फिलहाल, ऑन कैंपस काउंसलिंग से अभी डायरेक्ट सीटें नहीं भरी जाएंगी।
आगे जो सीटें खाली बचेंगी उन्हें विभागाध्यक्ष ऑन कैंपस काउंसलिंग से भर सकेंगे। एलयू में पीजी में दाखिले के लिए जिन कोर्सेज की पहली काउंसलिंग के बाद कुल 3988 सीटों में से 2675 सीटें भर चुकी हैं।
इसमें अभी करीब 1313 सीटें रिक्त हैं। ऐसे में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अभी ऑन कैंपस काउंसलिंग से सीधे सीटें भरने के निर्णय को टाल दिया है।
एलयू में पीजी कोर्सेज में दाखिले के प्रवेश समन्वयक प्रो. वाईके शर्मा ने बताया कि अब सेकंड लिस्ट एनआईसी जारी करेगा। यह लिस्ट रविवार रात या सोमवार को जारी हो जाएगी।
अभी स्टूडेंट एचडीएफसी बैंक में ऑनलाइन बैंक चालान के माध्यम से ही फीस जमा करेंगे। वे क्रेडिट व डेबिट कार्ड से भी अपनी फीस जमा कर सकते हैं।