अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को कक्षा-10 के बाद की छात्रवृत्ति के लिए अब ऑनलाइन आवेदन ही करना होगा। जिन छात्र-छात्राओं ने पहले आवेदन कर दिया है उन्हें भी ऑनलाइन फार्म भरना होगा।
ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने वाले छात्र-छात्राओं को ही सरकार छात्रवृत्ति देगी। साथ ही सरकार ने गुरुवार को छात्रवृत्ति वितरण की नई समय सारणी भी जारी कर दी है।
अभी तक छात्र-छात्राएं ऑफलाइन यानी निर्धारित फार्म को भरकर अपने कॉलेज या मदरसों को देते थे। वहां से इसे जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के यहां भेजा जाता था।
इसके बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी छात्रवृत्ति की मांग एनआईसी के माध्यम से वेबसाइट पर अपलोड कर देते थे। इसके बाद छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में छात्रवृत्ति भेज दी जाती थी।
लेकिन सरकार ने वर्तमान शैक्षिक सत्र 2013-14 के लिए नई व्यवस्था कर दी है। कक्षा 10 के बाद की छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र ही स्वीकार किये जाएंगे।
जैसे ही आवेदन पत्र जमा होगा अभ्यर्थी को एसएमएस के माध्यम से सूचना भी मिल जाएगी। ऑनलाइन आवेदन भेजने के बाद उसकी हार्ड कॉपी विद्यालयों के माध्यम से जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को भेजनी होगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इसका परीक्षण करेंगे। इसके बाद एनआईसी की वेबसाइट पर इसे अपलोड किया जाएगा।
सरकार छात्र-छात्राओं के खाते में सीधे पैसा ट्रांसफर करेगी। गुरुवार को इस नई व्यवस्था का शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। छात्रों को www.scholarship.up.nic.in वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा।
यह है नई समय सारणी
ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। ऑनलाइन भरे गए फॉर्म की हार्ड कॉपी संलग्नकों के साथ 7 दिसंबर तक संस्थान में जमा करना होगा।
संस्थान को जांच के बाद आवेदन शिक्षा विभाग के पास 15 दिसंबर तक फॉर्म को भेजना होगा। शिक्षा अधिकारी द्वारा जांच के बाद संस्तुति के साथ आवेदन छात्रवृत्ति समिति को 31 दिसंबर तक भेज दिया जाएगा।
जनपदीय समिति छात्रवृत्ति स्वीकृति के बाद 15 जनवरी तक वेबसाइट पर अपलोड कर देगी। 15 फरवरी तक छात्रों के खाते में धनराशि पहुंच जाएगी।