शहर के सरकारी स्कूलों में नियुक्त वोकेशनल लेक्चरर को गेस्ट और कांट्रेक्ट शिक्षकों की तर्ज पर नए साल से बढ़े वेतन का तोहफा मिल सकता है। शिक्षा सचिव सर्वजीत सिंह ने मामले की फाइल पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं।
चंडीगढ़ प्रशासन ने 18 अक्तूबर 2014 से सरकारी स्कूलों में तैनात 400 से अधिक गेस्ट शिक्षकों के वेतन में दो गुणा इजाफा कर दिया है। गेस्ट जेबीटी शिक्षकों का वेतन 15 हजार से बढ़कर 31 हजार, टीजीटी का 18 हजार से 35 हजार और लेक्चरर का वेतन 20 हजार से बढ़ाकर 38 हजार कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार वोकेशनल लेक्चरर 10 से 20 सालों से नियुक्त हैं। इस समय इन शिक्षकों को प्रति महीने सिर्फ 9 हजार वेतन मिलता है। नया वेतनमान लागू होने से यह राशि 30 हजार पहुंच जाएगी। वोकेशनल लेक्चरर को प्रति पीरियड 300 रुपये दिए जाने की उम्मीद है।
108 जेबीटी शिक्षकों की प्रमोशन लिस्ट इसी हफ्ते
शिक्षा विभाग ने 108 जेबीटी शिक्षकों की प्रमोशनल लिस्ट तैयार कर ली है। सोमवार को ज्वाइंट एक्शन कमेटी प्रधान भाग सिंह कैरों की अगुवाई में कमेटी शिक्षा सचिव से मिली। कैरों ने बताया कि शिक्षा सचिव ने डीपीआई(स्कूल) को एक-दो दिन में प्रमोशनल लिस्ट जारी करने के आदेश दिए हैं। हफ्ते भर में जेबीटी प्रमोशन लिस्ट जारी होने की प्रबल संभावना है।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी सदस्यों ने शिक्षा सचिव से मुलाकात कर कई मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की है, जिनमें ये मांगे शामिल हैं।
- सीनियर सेकेंडरी स्तर पर लेक्चरर के खाली पड़े 50 फीसदी पदों को प्रमोशन से भरा जाए।
- गेस्ट, कांट्रेक्ट और एसएसए शिक्षकों को 17 फीसदी डीए की किस्त जारी हो।
- स्टेट और नेशनल अवार्ड पाने वाले शिक्षकों को पंजाब की तर्ज पर एक्सटेंशन दी जाए।
- डेपुटेशन पर 10 से 20 सालों से जमे शिक्षकों को गृहराज्य भेजा जाए।
- शिक्षकों की मांगों को लेकर 29 नवंबर को सेक्टर-20 मस्जिद ग्राउंड में शाम 4.30 बजे मीटिंग बुलाई गई है।