रूसा प्रथम सत्र का परीक्षा परिणाम तैयार करने में विवि प्रशासन और कॉलेजों के बीच आपसी समन्वय की कमी आड़े आ रही है। विवि की ओर से कॉलेजों से बार-बार आवश्यक जानकारी मांगी जा रही है। साथ ही समय जल्द छात्रों का ब्योरा भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
बावजूद इसके 12 कॉलेजों से जीरो रिस्पांस आया है। इनमें एचपीयू का इवनिंग कॉलेज भी शामिल है। इन कॉलेजों से परीक्षा शाखा की ओर से परिणाम तैयार करने को गठित कमेटी के बार-बार संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।
इनमें कुछ ने तो फोन तक नहीं सुना। ऐसे में छात्रों का परिणाम तैयार करना मुश्किल साबित हो रहा है। विवि ने कॉलेजों को अलग से पत्र भेजने के साथ टेलिफोन से भी सूचित करने का बराबर प्रयास किया।
ये कॉलेज नहीं दे रहे ब्यौरा
बीएमडीएसएम क्वागधार पच्छाद, बृजेश्वर संस्कृत कॉलेज सराहन चौपाल, दयानंद संस्कृत कॉलेज चंबा, एफडी डिग्री कॉलेज मदम्याणी इंदौरा, गवर्नमेंट कॉलेज नौरा सुलह कांगड़ा शामिल हैं।
जीआरपीएसडीसी रिवाल्सर मंडी, एचपीय इवनिंग कॉलेज, एसजीएसडी संस्कृत कॉलेज संतोषगढ़ ऊना, सनातन धर्म संस्कृत कॉलेज चंबा, सुनयना संस्कृत कॉलेज स्वारघाट, टीएसएम श्री नंदीकेश्वरी मंदिर कांगड़ा कॉलेज शामिल हैं।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. एसएल कौशल ने माना कि 12 कॉलेजों से रूसा से संबंधित रिकार्ड ऑनलाइन भेजने को लेकर जीरो रिस्पांस मिला है। भले ही इनमें छात्रों की संख्या कम है, मगर परिणाम पूरा ब्योरा आने और खामियां दूर करने के बाद ही घोषित होगा।