पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में वीरवार को कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी स्टूडेंट्स से रूबरू होंगे। नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने यह कार्यक्रम आयोजित किया है।
कैंपस में राहुल दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पीयू के लॉ ऑडिटोरियम में राहुल गांधी वीरवार करीब 12 बजे पहुंचेंगे। राहुल के कार्यक्रम में सिर्फ चुनिंदा लोगों को ही एंट्री मिलेगी।
राहुल गांधी को सुनने के लिए करीब एक हजार स्टूडेंट्स पहुंचेंगे। एनएसयूआई ने राहुल के कार्यक्रम में एंट्री पाने वाले विद्यार्थियों की लिस्ट एसपीजी को सौंप दी है।
पीयू कैंपस में एनएसयूआई में जान फूंकने वाले बिरेंदर ढिल्लो और मनोज लुबाना पूरे दिन तैयारियों में जुटे रहे। पीयू कुलपति प्रो.अरुण कुमार ग्रोवर और अन्य आला अधिकारियों के अलावा पूटा के पदाधिकारी भी मिलना चाह रहे हैं, लेकिन बुधवार देर रात तक इसपर कोई फैसला नहीं हो सका।