पंजाब यूनिवर्सिटी से वर्षों पहले डिग्री कर चुके स्टूडेंट्स को अंक बढ़ाने के लिए गोल्डन चांस मिल सकता है। 25 जनवरी को सिंडीकेट की बैठक में यह प्रस्ताव लाया जाएगा।
सीनेट सदस्य मनीष वर्मा और कुछ अन्य सीनेट-सिंडीकेट सदस्यों ने सालाना सिस्टम (एनुअल सिस्टम) के तहत डिग्री कर चुके स्टूडेंट्स को इम्प्रूवमेंट का गोल्डन चांस देने की मांग की थी।
गोल्डन चांस के लिए फीस में भी कमी हो सकती है। पोस्ट ग्रेजुएट कक्षाओं के लिए फीस को 10 हजार से घटाकर 5 हजार और ग्रेजुएशन स्टूडेंट्स की फीस 5 हजार से कम कर 3 हजार करने का प्रस्ताव है।
पे स्केल रिवाइज करने पर लग सकती मुहर
सिंडीकेट में डीन कॉलेज डेवलेपमेंट काउंसिल (डीसीडीसी) की योग्यता और पे स्केल को रिवाइज करने पर भी फैसला हो सकता है। वर्ष 2015-16 सत्र में पीयू से एमए ज्योग्राफी, एमए इन डिजास्टर मैनेजमेंट और मास्टर इन रिमोट सेंसिंग कोर्स में दाखिला सीईटी (कामन एडमिशन टेस्ट) के तहत करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।
साथ ही वर्ष 2015 में परीक्षाओं के लिए पेपर सेटर के नए नियमों पर फैसला लिया जा सकता है। पीयू सिंडीकेट में लुधियाना रीजनल सेंटर के अधीन सभी कालेजों में बीकॉम प्रथम वर्ष में 2015 सत्र से चंडीगढ़ कालेजों की तरह सेंट्रलाइज्ड एडमिशन प्रक्रिया शुरू करने पर मुहर लग सकती है।
इस मामले में गठित कमेटी ने 5 कालेजों की रिपोर्ट वीसी को सौंप दी है। सिंडीकेट में पीयू स्टूडेंट काउंसिल की जनरल बॉडी मीटिंग के लिए 35 सदस्यों की उपस्थित कंपलसरी किए जाने का प्रस्ताव भी शामिल है।
विदेशी स्टूडेंट्स को सेमेस्टर की पढ़ाई का ऑफर
पीयू इंटरनेशनल स्टूडेंट्स को आकर्षित करने के लिए नया प्रपोजल स्टडी एब्रॉड शुरू करने जा रही है। इसके तहत विदेशी स्टूडेंट्स एक सेमेस्टर की पढ़ाई पीयू में कर सकेंगे।
विदेशी स्टूडेंट्स को रजिस्ट्रेशन फीस के तौर पर करीब 21 हजार (350 डालर) और पीयू की सालाना फीस की आधी राशि देनी होगी। इन स्टूडेंट्स का चयन कमेटी करेगी।
इन प्रस्तावों पर भी लग सकती है मुहर
- नेशनल सोशल सर्विस स्कीम (एनएसएस) में ग्रेडिंग सिस्टम लागू करना।
- जाने माने बॉलीवुड गीतकार और शायर गुलजार को साहित्य रत्न देना।
- पंजाब यूनिवर्सिटी में स्किल डेवेपमेंट डिपार्टमेंट (कौशल केंद्र) बनाना।
- सिंडीकेट बैठक में पीयू वार्डन का ऑनरेरियम बढ़ाना।
- सीएमजे यूनिवर्सिटी मेघालय से पीएचडी करने वाले दो कैंडीडेट मनदीप जोसन और घर्मपाल सिंह को कन्फर्म करना।
- विज्ञान रत्न और साहित्य रत्न अवार्ड पर फैसला।
- सेक्टर-26 स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च के कुछ कोर्स को पीयू से मान्यता देना।
- वर्ष 2015 सत्र के लिए ज्वाइंट कंसलटेटिव मशीनरी (जेसीएम) बनाना।
- डा. वेद प्रकाश कंबोज और डा.जयरूप सिंह को पीयू की ऑनरेरी प्रोफेसरशिप देना।