पंजाब यूनिवर्सिटी ने इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज एजुकेशन एंड रिसर्च (आईएसएसईआर) फाइव ईयर इंटिग्रेटेड ऑनर्स प्रोग्राम में एडमिशन के लिए आवदेन मांगे हैं।
12वीं में 55 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले स्टूडेंट्स इस कोर्स के लिए डिपार्टमेंट ऑफ हिस्ट्री, ऑटर्स ब्लॉक नंबर-2 में 27 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
पीयू के प्रवक्ता ने बताया कि इस कोर्स में 50 सीट भारतीय और 10 सीटें एनआरआई स्टूडेंट्स के लिए आरक्षित हैं। इसमें 15 प्रतिशत सीट एससी, 7.5 प्रतिशत सीटें एसटी, 5 प्रतिशत सीटें बीसी और 3 प्रतिशत निशक्त, 5 प्रतिशत सीटें मिलिट्री पर्सनल, स्पोर्ट्स की 5 प्रतिशत, दंगा पीड़ित 2 प्रतिशत और 2 प्रतिशत फ्रीडम फाइटर कोटे के तहत आरक्षित होंगी।
वहीं कश्मीरी माइग्रेट, सिंगल गर्ल चाइल्ड, कैंसर, एड्स और थैलिसीमिया मरीजों के लिए पीयू की पॉलिसी के तहत सीटें आरक्षित हैं। 12वीं में सोशल साइंस पढ़ने वाले छात्रों को 10 प्रतिशत वेटेज दी जाएगी।
कोर्स की सालाना फीस 10 हजार रुपये है, जिसे दो किश्तों में देना होगा। 30 जुलाई को इसकी मेरिट लिस्ट जारी होगी। 31 जुलाई को काउंसिलिंग होगी। चयनित छात्रों की लिस्ट 3 अगस्त को जारी की जाएगी।