लंबे इंतजार के बाद आखिरकार गढ़वाल विवि ने प्री पीएचडी का परिणाम जारी कर दिया है। पीएचडी में पंजीकरण के लिए यह परीक्षा दो चरणों में हुई थी। 50 फीसदी या अधिक अंक लाने वाले अभ्यर्थियों को क्वालिफाई घोषित किया गया है।
विवि के प्री पीएचडी परीक्षा संयोजक प्रो. डीएस नेगी ने बताया कि परीक्षा में 2322 अभ्यर्थियों ने शिरकत की थी। इनमें से 33 विषयों और दो एमफिल विषयों के लिए कुल 643 अभ्यर्थियों को योग्य घोषित किया गया है।
परिणाम की जानकारी विवि ने वेबसाइट पर अपडेट कर दी गई है। विवि ने सामान्य व ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रशित और एससी व एसटी अभ्यर्थियों के लिए 45 प्रतिशत कटऑफ रखी थी।
विवि 24 दिसंबर से पहले ही आगे की प्रक्रिया पूरी करने की योजना बना रहा है, जिसकी सूचना संबंधित विभागों को भेजी जाएगी।
अब ऐसे जारी होगी अंतिम सूची
प्री पीएचडी में क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थियों को अभी एक और दौर से गुजरना होगा। यूजी कोर्स के 20 प्रतिशत, पीजी कोर्स के 30 प्रतिशत और इंटरव्यू के 50 अंकों को मिलाकर कुल 100 अंकों का मूल्यांकन होगा। इसके आधार पर ही अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
नेट, स्लेट वालों को सीधे मौका
प्री पीएचडी में नेट व स्लेट परीक्षा क्वालिफाई कर चुके अभ्यर्थियों को केवल एक आवेदन पर सीधे इंटरव्यू का मौका दिया जा रहा है। प्रो. डीएस नेगी के मुताबिक गढ़वाल विवि से एमफिल कर चुके आवेदकों को भी सीधे इंटरव्यू में बैठने का मौका दिया जाएगा।