औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में पढ़ाई के बाद अब स्टूडेंट्स को नौकरी के लिए भटकना नहीं होगा। स्टूडेंट्स को जॉब के लिए प्लेसमेंट सेल का गठन किया जाएगा।
प्लेसमेंट में कोई हीलाहवाली न हो इसलिए राज्य स्तर पर प्लेसमेंट सेल की निगरानी भी की जाएगी। प्रदेश में इस समय आईटीआई में हजारों स्टूडेंट्स पढ़ रहे हैं।
इनके प्लेसमेंट के लिए अब तक ठोस व्यवस्था नहीं है। ऐसे में प्रशिक्षण पूरा होने के बाद स्टूडेंट्स को इधर-उधर भटकना पड़ता है।
आईटीआई बेहतर बनाने के लिए गठित वर्किंग कमेटी ने प्रशिक्षण पूरा होने के बाद स्टूडेंट्स के प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।
इस पर निगरानी के लिए इंटरैक्टिव वॉयस रेस्पांस सिस्टम लगाने की बात भी वर्किंग कमेटी ने कही थी। डायरेक्टरेट जनरल इंप्लायमेंट एंड ट्रेनिंग (डीजीईटी) ने इस सिफारिश पर मुहर लगा दी है।
डीजीईटी के जॉइंट सेकेरेटरी आलोक कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अब नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (एनसीवीटी) से मुहर लगने के बाद अब सारे आईटीआई को प्लेसमेंट सेल की स्थापना करनी होगी।