पीयू की ओर से लोक प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सोशल वर्क और समाजशास्त्र विषयों में पीएचडी में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी और पंजाबी भाषा में भी ली जाएगी।
इससे पहले पीयू ने सिर्फ संगीत और इंडियन थिएटर में पीएचडी में दाखिले के लिए हिंदी और पंजाबी में भी लिखित परीक्षा लेने का निर्णय लिया था।
पीयू की ओर से 27 जुलाई को पीएचडी और एमफिल के लिए प्रवेश परीक्षा ली जाएगी। पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट http://phdadmissions.puchd.ac.in पर किया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन करने और बैंक चालान जनरेट करने की अंतिम तिथि 5 जुलाई है। ध्यान रहे कि एसजीपीसी के अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ ने पीयू के चांसलर और देश के उपराष्ट्रपति डॉ. हामिद अंसारी को पत्र लिखकर कहा था कि पीयू में पंजाबी भाषा की अनदेखी हो रही है।
इसके बाद पीयू के डीयूआई प्रो. एके भंडारी ने सभी विभागों को पत्र भेजा था। लेकिन, अभी तक छह विभाग ही हिंदी और पंजाबी भाषाओं में पीएचडी प्रवेश परीक्षा लेने के लिए राजी हुए हैं।