फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अभिभावकों का हल्ला बोल, पहली एसोसिएशन पर मुहर

Wed, 25 Mar 2015 10:26 AM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला की मुहिम के तहत ऑल उत्तराखंड पैरेंट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में निजी स्कूलों में पैरेंट्स एसोसिएशन बनाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
विज्ञापन


सेंट मैरी स्कूल की एसोसिएशन पर मुहर लग चुकी है, जबकि सेंट पैट्रिक्स एकेडमी में भी जल्द ही गठन हो जाएगा। ऑल उत्तराखंड पैरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज सिंघल ने बताया कि सेंट मैरी स्कूल, क्लेमेंटटाउन के अभिभावक बिल्डिंग के नाम पर पांच हजार रुपए की वसूली के विरोध में आंदोलन करेंगे।

पैरेंट्स एसोसिएशन पर मंगलवार को हुई बैठक में मुहर लग गई है। बुधवार को अध्यक्ष सहित सभी पदों की घोषणा कर दी जाएगी। इसके अलावा सेंट पैट्रिक्स एकेडमी क्लेमेंटटाउन में भी जल्द एसोसिएशन अस्तित्व में आ जाएगी। देहरादून के चार और निजी स्कूलों में एसोसिएशन बनाने का काम अभिभावकों ने शुरू कर दिया है।
विज्ञापन


आपको बता दें कि ऑल उत्तराखंड पैरेंट्स एसोसिएशन ने निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन चलाया हुआ है। इसके तहत अमर उजाला की मुहिम पर अन्य स्कूलों में अपनी लड़ाई खुद लड़ने के लिए एसोसिएशन गठन की मुहिम चलाई जा रही है।

आप भी बनाएं एसोसिएशन
स्कूल की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए किसी भी स्कूल के अभिभावक एसोसिएशन बना सकते हैं। अभिभावक ऑल उत्तराखंड पैरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज सिंघल के फोन नंबर 9359995610 पर कॉल करके एसोसिएशन बनाने के नियमों की जानकारी और निशुल्क सदस्यता फार्म प्राप्त कर सकते हैं।

सेंट पैट्रिक्स में दाखिले के लिए इंटरव्यू
ऑल उत्तराखंड पैरेंट्स एसोसिएशन के अनुसार क्लेमेंटटाउन स्थित सेंट पैट्रिक्स एकेडमी में कक्षा एक तक दाखिले के लिए बच्चों का टेस्ट और इंटरव्यू लिया जा रहा है। साथ ही अभिभावकों से मनमानी वसूली की जा रही है। हाल ही में यूकेजी क्लास की ग्रेजुएशन सेरेमनी के नाम पर हर बच्चे से 750 रुपए और क्लास फोटो के लिए 130 रुपए वसूले गए थे।

एसोसिएशन ने इसकी शिकायत उत्तराखंड राज्य बाल संरक्षण आयोग के सचिव से की है। एसोसिएशन अध्यक्ष नीरज सिंघल ने बताया कि स्कूल प्रशासन की ओर से जबर्दस्त लूटमार मचाई जा रही है। उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर रतन सिंह चौहान, सुदेश उनियाल, सुनील पुंडीर, सीमा सिंह, हरि किशन शर्मा, जितेंद्र रावत, उमेश वालिया, रविंद्र बाल्मिकी आदि मौजूद रहे।

20 संगठनों का धरना आज से
उत्तराखंड महिला मंच के नेतृत्व में निजी स्कूलों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के तहत बुधवार को गांधी पार्क पर 20 संगठन धरना देंगे। सभी संगठनों ने अभिभावकों से भी आंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की है।

महिला मंच की केंद्रीय संयोजक कमला पंत के मुताबिक सरकार जब तक निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक से संबंधित नियम कानून नहीं बनाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बैंक इंप्लाइज यूनियन के सचिव जगमोहन मेंदीरत्ता का कहना है कि सभी संगठनों में भी अभिभावक हैं जो रोजाना निजी स्कूलों की मनमानी का शिकार होते हैं।
विज्ञापन


लिहाजा सभी संगठनों ने एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का फैसला किया है। इस कड़ी में पहले वह विधानसभा पर प्रदर्शन के साथ ही शिक्षामंत्री से वार्ता कर चुके हैं, लेकिन मंत्री की ओर से कोई फैसला न किए जाने की वजह से आंदोलन नए सिरे से शुरू किया जा रहा है। उन्होंने सभी अभिभावकों से भी इस धरना प्रदर्शन का हिस्सा बनने की अपील की।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें