उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन में जिले के सात हजार से अधिक बेरोजगार
युवक-युवतियों को रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षित किया जाएगा।
इसमें
हिस्सेदारी के लिए 14 से 35 वर्ष की आयु सीमा के युवक-युवतियों का निशुल्क
ऑनलाइन पंजीकरण 10 जनवरी से शुरू होगा।
यह जानकारी मुख्य विकास अधिकारी
उदयवीर सिंह यादव ने शनिवार को दी। वह मलिहाबाद व बक्शी का तालाब तहसील
सभागार में अलग-अलग आयोजित उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत आयोजित
कार्यक्रम में हिस्सेदारी कर रहे थे।
उप आयुक्त (एनआरएलएम) रजत यादव ने
इसकी उपयोगिता बताते हुए कहा कि कौशल विकास की वेबसाइट पर इसमें निशुल्क
पंजीकरण व प्रशिक्षण के साथ अभ्यर्थियों को अपनी मनमर्जी से प्रशिक्षण पाने
वाले पाठ्यक्रम को चुनने का मौका मिलेगा।
34 क्षेत्रों के कुल 283
पाठ्यक्रमों को इस प्रशिक्षण में शामिल किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान
मूल पाठ्यक्रम के साथ ही सभी अभ्यर्थियों को अंग्रेजी बोलने और कंप्यूटर की
सामान्य जानकारी दिलाने की व्यवस्था भी होगी।