नए साल पर राजधानी के स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय माध्यमिक
शिक्षा अभियान के तहत जनपद में 10वीं तक के 15 स्कूल खुलेंगे।
इनमें जुलाई
से पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी। स्कूलों के भवन के लिए बजट जारी कर दिया गया
है।
भवन निर्माण होने तक ये विद्यालय उच्च प्राथमिक स्कूलों के भवन में
चलेंगे। इसके बाद इन्हें नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। सर्व शिक्षा अभियान के तहत देश भर में स्कूल खोले जा रहे हैं।
इसके तहत
राजधानी में भी 15 हाईस्कूल विद्यालय खोले जाएंगे। नए स्कूलों में अगले
सत्र से 10वीं तक की पढ़ाई शुरू होगी।
चुने हुए स्कूलों में गोसाईंगंज में
चार, माल में पांच, मलिहाबाद, सरोजनीनगर, काकोरी, मोहनलालगंज में एक-एक और
चिनहट में दो विद्यालय खोले जाएंगे।
इन स्कूलों के भवन के लिए 58.12 लाख
रुपये की दर से बजट का आवंटन भी कर दिया गया है। लखनऊ में बीते साल खोले गए
सभी 18 स्कूलों के भवन बनकर तैयार हो गए हैं।
इन विद्यालयों में फर्नीचर
और उपकरण खरीदने के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है। बहुत जल्द स्कूल नए
भवन में शिफ्ट किए जाएंगे।