इंजीनियरिंग की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन(जेईई) मेंस 2015 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है।
अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर
ऑनलाइन आवेदन के दौरान गलत जानकारी भरने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। सीबीएसई ऐसे अभ्यर्थियों को जनवरी में त्रुटि सुधार का मौका देगा। देहरादून से एक छात्र की ओर से भेजे गए सवाल के जवाब में बोर्ड ने यह जानकारी भेजी है।
पिछले साल भी यह मौका दिया गया था, लेकिन इस साल नोटिफिकेशन में बोर्ड ने त्रुटि सुधार का जिक्र नहीं किया था। दून के एक छात्र ने दसवीं का उत्तीर्ण वर्ष 2012 के बजाए 2011 और 12वीं का उत्तीर्ण वर्ष 2014 के बजाए 2013 ऑनलाइन आवेदन में भर दिया था।
इसके बाद छात्र ने बोर्ड को ईमेल कर समस्या बताई। जवाब में बोर्ड ने बताया कि त्रुटि सुधार का मौका मिलेगा। इसकी सूचना वेबसाइट और समाचार पत्रों के जरिये दी जाएगी।
आपको बता दें कि जेईई मेंस ऑनलाइन व ऑफलाइन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 दिसंबर तक चलेगी। एक मार्च 2015 से एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध हो जाएंगे।
यहां करें आवेदन : www.jeemain.nic.in
बोर्ड के नोटिफिकेशन में त्रुटि सुधार की जानकारी न होने से काफी अभ्यर्थी परेशान थे। अब बोर्ड ने लिखित में भेजा है तो निश्चित तौर पर ऑनलाइन आवेदन में गलती करने वाले अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर होगी।
- वैभव राय, एमडी, वीआर क्लासेज