नए साल पर केंद्रीय विद्यालय संगठन (केविएस) ने अभिभावकों को नई सौगात दी है। इन विद्यालयों में अब शुल्क ऑनलाइन जमा किया जा सकेगा।
पांच-पांच केंद्रीय विद्यालयों में शुरू हुई सुविधा
अभिभावक घर बैठे बच्चों की फीस जमा कर पाएंगे। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर यह योजना दून के साथ देश के सभी संभागों के पांच-पांच केंद्रीय विद्यालयों में शुरू की गई है।
केविएस ने एक जनवरी से ‘हाईटेक फीस डिपॉजिट स्कीम’ शुरू कर दी है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से इस योजना का लाभ देहरादून संभाग से पांच केंद्रीय विद्यालयों केवि-1 हाथी बड़कला, केवि-2, केवि एफआरआई, केवि आईएमए और केवि ओएफडी में मिलेगा।
ऑनलाइन शुल्क जमा करने के बाद अभिभावक घर बैठे शुल्क रसीद भी ले सकते हैं। अभिभावकों को हर माह की 15 तारीख तक शुल्क जमा करना होगा, इसके बाद विलंब शुल्क लगेगा।
आधार कार्ड जरूरी
केविएस के ताजा सर्कुलर के मुताबिक हर संभाग में इस योजना का लाभ ले रहे छात्रों को आधार कार्ड की आईडी भी बतानी होगी। इसके लिए केविएस ने स्कूलों को एक नमूना पत्र भी भेज दिया है।
ऐसे जमा करें शुल्क
आप यूनियन बैंक की किसी भी शाखा में शुल्क नकद जमा करा सकते हैं। एटीएम से कैश ट्रांसफर कर सकते हैं। क्रेडिट कार्ड भी शुल्क जमा करने का एक जरिया है। इसके अलावा ऑनलाइन बैंकिंग से भी शुल्क जमा कर सकते हैं।
केविएस की वेबसाइट पर दिया लिंक क्लिक कर छात्र का यूनिक नंबर डालना होगा। यह नंबर केविएस की ओर से इन स्कूलों के छात्रों को दिया गया है। साथ ही जन्मतिथि भरने के बाद एक शुल्क रसीद तैयार हो जाएगी।
केविएस ने पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर फिलहाल यह योजना शुरू कर दी है। अभिभावक अब घर बैठे शुल्क जमा कर सकते हैं।
- डॉ. इंद्रजीत सिंह, प्राचार्य, केवि-1 हाथीबड़कला