यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन की साल में दो बार होने वाले नेशनल एलिजिबिलिटी और जूनियर रिसर्च फेलोशिप नेट/जेआरएफ परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों का ग्राफ इस बार गिरा है। जून में प्रदेश विश्वविद्यालय के सेंटर में करवाई गई परीक्षा में सिर्फ 116 छात्र ही उत्तीर्ण हो पाए, जबकि दिसंबर 2013 में हुई परीक्षा में पास होने वाले छात्रों की संख्या 137 थी।
आम तौर पर किसी भी प्रदेश और विश्वविद्यालय की गुणात्मक शिक्षा के पैमाने के रूप में देखी जाने वाली नेट/ जेआरएफ परीक्षा में पास होने वाले छात्रों की संख्या का कम होना अपने आप में गंभीर मामला है। प्रदेश विश्वविद्यालय लगातार नेट और जेआरएफ की परीक्षा परिणाम को अपनी उपलब्धि बताकर पीठ थपथपाता रहा है, मगर इस बार परीक्षा पास करने वालों की घटी संख्या के लिए भी विवि को ही जिम्मेदारी लेनी होगी। आर्ट्स और कॉमर्स विषय की परीक्षा के लिए एचपीयू को परीक्षा केंद्र बनाया जाता है।