उत्तराखंड में एमबीबीएस और बीडीएस की स्टेट कोटे की सीटों पर दाखिले के लिए एक ही प्रवेश परीक्षा होगी। यूपीएमटी का आयोजन मई के दूसरे सप्ताह में किया जाएगा, जिसकी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मार्च में शुरू की जाएगी। एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय की अकादमिक परिषद की बैठक में यह फैसला लिया गया।
मंगलवार को विवि परिसर में कुलपति प्रो. पीके गर्ग की अध्यक्षता में अकादमिक परिषद की बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि एआईपीएमटी की तर्ज पर ही उत्तराखंड प्री मेडिकल प्री डेंटल टेस्ट (यूपीएमटी) 2016 का आयोजन मई के दूसरे सप्ताह में किया जाएगा।
विवि ने इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग करने के इरादे को टाल दिया है। परीक्षा की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मार्च 2016 में शुरू होगी। इसके अलावा मेडिकल पीजी प्रवेश परीक्षा का आयोजन 30 जनवरी 2016 को किया जाएगा। नर्सिंग में दाखिले को जून में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। बैठक में विवि का अकादमिक कैलेंडर भी जारी किया गया।
इसके अलावा आगामी सभी परीक्षाओं की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। विवि के संबद्ध मेडिकल कॉलेजों के लिए पीजी की फैकल्टी का अनुमोदन किया गया। बैठक में स्वास्थ्य मंत्रालय के अपर सचिव केबी अग्रवाल बतौर विशेष आमंत्रित सदस्य रहे। बैठक में चिकित्सा निदेशालय और दून विवि के कुलपति की ओर से नामित सदस्यों के साथ ही विवि के वित्त नियंत्रक शैलेंद्र शंकर आदि मौजूद रहे।