लखनऊ विश्वविद्यालय व 144 डिग्री कॉलेजों में बीएससी, बीकॉम व बीए में सत्र 2015-16 में सेमेस्टर प्रणाली लागू होगी। परीक्षा विभाग ने सेमेस्टर सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
अब इसे जल्द ही एकेडमिक काउंसिल व कार्यपरिषद से पास करवाकर मंजूरी दे दी जाएगी। विवि में बीएससी, बीकॉम व बीए फर्स्ट ईयर में करीब 50 हजार स्टूडेंट्स हैं। अगले सत्र में फर्स्ट ईयर से लागू करने के बाद चरणबद्ध तरीके से सेकंड व थर्ड ईयर में अगले वर्षों में लागू किया जाएगा।
फिलहाल, यूनिवर्सिटी के इस फैसले के बाद अब रेग्युलर पढ़ाई और क्लासरूम टीचिंग पर विशेष ध्यान देना होगा। बीए, बीएससी व बीकॉम में स्नातक के फर्स्ट, सेकंड व थर्ड ईयर में करीब डेढ़ लाख स्टूडेंट्स परीक्षा देते हैं।
लविवि के परीक्षा विभाग ने बीएससी, बीकॉम व बीए में सेमेस्टर प्रणाली लागू करने का मसौदा तैयार कर लिया है। विवि प्रशासन का कहना है कि स्नातक स्तर पर पढ़ाई में सुधार के लिए सेमेस्टर सिस्टम से बेहतर विकल्प नहीं है।
इंटरनल असेसमेंट के बाद अब सेमेस्टर सिस्टम
कुलपति प्रो. एसबी निमसे ने पीजी में इंटरनल असेसमेंट की व्यवस्था लागू की, अब यूजी में सेमेस्टर सिस्टम शुरू करना भी सुधार की पहल में से एक है।
यूनिवर्सिटी में बीते कई वर्षों से बीएससी, बीकॉम व बीए में सेमेस्टर प्रणाली लागू करने पर चर्चा होती थी लेकिन छात्र संख्या अधिक होने के कारण कोई हिम्मत नहीं जुटा पाता था लेकिन अब यह शुरुआत की जा रही है।
एलयू में इस साल नैक मूल्यांकन के लिए आई टीम ने भी बीएससी, बीकॉम व बीए में सेमेस्टर प्रणाली लागू करने का सुझाव दिया था। नैक मूल्यांकन में यूनिवर्सिटी को 2.76 स्कोर के साथ बी ग्रेड मिला है, जबकि ए ग्रेड पाने में सिर्फ 0.24 अंकों की कसर है। ऐसे में यूनिवर्सिटी प्रशासन अब बदलाव के मूड में दिख रहा है।
राजधानी में एलयू को छोड़कर बाकी सभी यूनिवर्सिटीज में बीएससी, बीकॉम व बीए में सेमेस्टर प्रणाली लागू है। ऐसे में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने नए सत्र में सेमेस्टर प्रणाली लागू करने का फैसला लिया है।
एलयू व डिग्री कॉलेजों में स्नातक (यूजी) में मैनेजमेंट कोर्सेज में ही सेमेस्टर सिस्टम लागू है। इसके तहत बीबीए, बीसीए, बीकॉम ऑनर्स, बीए ऑनर्स, बीटीए, बीएचएमसीटी आदि कोर्सेज में सेमेस्टर सिस्टम के तहत ही परीक्षाएं करवाई जा रही हैं।