उत्तराखंड के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में तीन काउंसिलिंग होने के बावजूद दो हजार सीटें खाली रह गई हैं। अब व्यवसायिक परीक्षा परिषद की ओर से इन सीटों पर सीधे दाखिला दिया जाएगा।
इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और शैक्षिक रिकॉर्ड के मुताबिक प्राप्तांकों के आधार पर सीट आवंटित की जाएगी। परिषद की ओर से करीब छह हजार आईटीआई सीटों के लिए तीन बार ऑनलाइन काउंसिलिंग आयोजित की गई।
अपने स्तर से मेरिट सूची
बावजूद इसके बची रह गई दो हजार खाली सीटों पर अब मेरिट व संस्थान आधारित प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पहले छात्र को अपनी शैक्षिक योग्यता का प्रमाण एक आवेदन पत्र के साथ जमा करना होगा। इसके बाद संस्थान अपने स्तर से मेरिट सूची तैयार कर सीट अलॉट कर देगा।
अभ्यर्थी 24 सितंबर तक अपने नजदीकी आईटीआई में आवेदन पत्र भरकर जमा करा सकते हैं। 26 सितंबर को ट्रेडवार मेरिट सूची तैयार की जाएगी। 27 सितंबर को मेरिट जारी की जाएगी। आईटीआई निरंजनपुर के प्राचार्य एके त्रिपाठी ने बताया कि जो भी छात्र आवेदन करना चाहते हैं, वह संबंधित ट्रेड में वेकेंट सीटों की संख्या जरूर देख लें।
कटिंग व टेलरिंग खाली
सूबे की आईटीआई काउंसिलिंग में इस बार सबसे ज्यादा कटिंग व टेलरिंग, रेडियो, टीवी जैसे ट्रेड में रुझान देखने को नहीं मिला है। विशेषज्ञों का कहना है कि इन ट्रेड का रुझान कम होने की एक वजह रोजगारपरकता की कमी है।