फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों में आगामी शैक्षिक सत्र से 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए अब पूरे वर्ष का स्टडी प्लान पहले से तैयार होकर मिलेगा।
अभी तक इस प्रकार का प्लान केवल निजी स्कूलों में ही देखा गया है। लेकिन शिक्षा विभाग ने नई पीजीटी की भर्ती के साथ इस व्यवस्था को सरकारी स्कूलों में लागू करने का फैसला लिया है।
नई व्यवस्था से सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की शिक्षा के स्तर में सुधार आएगा। इसके तहत इंडक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम के जरिए शिक्षा विभाग नए शिक्षकों के स्तर को भी चेक करेगा।
यह इंडक्शन प्रोग्राम राज्य शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् (एससीईआरटी) की ओर से तैयार किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी राजीव अरोड़ा ने बताया कि इस ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत नए टीचरों को 9वीं से 12 वीं कक्षा के लिए पूरे वर्ष का प्लान तैयार करना होगा।
इसके लिए एससीईआरटी की साइट से बुक को डाउनलोड कर हर विषय व चैप्टर के आधार पर काम करना होगा।