मौसम की खराबी हो आपदा या कोई आपात स्थिति। जिला प्रशासन बच्चों, अभिभावकों की सहूलियत के लिए स्कूलों में अवकाश तो घोषित कर देता है लेकिन सूचना प्रबंधन के अभाव में प्रशासन की यह कवायद अभिभावकों के लिए फजीहत की सबब बनकर रह जाती है।
दरअसल, बच्चों-अभिभावकों को छुट्टी की सूचना तब मिलती है, जब वे बारिश में तरबतर स्कूल पहुंच चुके होते हैं। गेटमैन से जानकारी मिलने के बाद वे बैरंग लौटने को मजबूर होते हैं।
पूरी तरह मीडिया पर ही निर्भर
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बाद डीएम अक्सर शाम को स्कूल बंद करने का आदेश करते हैं। लेकिन यह जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मीडिया पर ही निर्भर करता है। मौसम खराब होने से बिजली गुल रहने या टीवी पर सिग्नल न आने से लोग जानकारी नहीं ले पाते।
दूसरी ओर, सुबह अखबार जब तक घर पहुंचता है अभिभावक बच्चों को लेकर स्कूल निकल चुके होते हैं। जहां अखबार जल्दी आ जाए, वहां भी बच्चों को स्कूल भेजना ही प्राथमिकता रहती है। ऐसे में छुट्टी की खबर देखने से रह जाती है।
इसके चलते अभिभावक बच्चों को लेकर बारिश में भीगते हुए स्कूल जाते हैं तो पता चलता है कि आज स्कूल बंद है। लेकिन फिर अगले दिन की कोई जानकारी नहीं मिलती। जिला प्रशासन एक-एक दिन कर छुट्टी बढ़ाता है तो अभिभावक हर दिन वही दिक्कत झेलते हैं।
दूसरी ओर, स्कूल प्रबंधनों को भी अवकाश की जानकारी सुबह ही मिलती है। जहां शाम को पता चलता है, वहां भी ऐसा कोई तरीका नहीं कि सभी अभिभावकों को जानकारी दे सकें। अक्सर स्कूलों के अध्यापकों को भी छुट्टी की जानकारी नहीं होती है और वे भी स्कूल पहुंचकर लौटते हैं।
छुट्टी की घोषणा के संबंध में मीडिया को बता दिया जाता है। मुख्य शिक्षाधिकारी को भी जानकारी दी जाती है। उनकी जिम्मेदारी है स्कूलों को बताने की। हम तो सबको बता नहीं पाएंगे। यह जानकारी सबको पहुंचे इस संबंध में व्यवस्था बनाने की जरूरत है।
- आर मीनाक्षी सुंदरम, जिलाधिकारी
अब तक जितनी बार छुट्टी की घोषणा हुई, मीडिया के जरिये ही जानकारी मिली। प्रशासन या शिक्षा विभाग से किसी का फोन नहीं आया। कोई ऐसा सिस्टम हो जिससे जानकारी मिले। प्रशासन फैक्स या ई-मेल करने की व्यवस्था कर दे, ताकि अभिभावकों को सूचना दी जा सके।
- बीके सिंह, प्रिंसिपल, दिल्ली पब्लिक स्कूल
पॉली किड्स ने पेश की नजीर
प्ले ग्रुप स्कूल पॉली किड्स ने अभिभावकों को सूचना देने के मामले में दूसरे स्कूलों के लिए नजीर पेश की है। स्कूल की राजधानी स्थित सभी शाखाओं में अगले दिन होने वाले कार्यक्रमों, अवकाश आदि की जानकारी अभिभावकों को एसएमएस से दी जाती है।
खबर पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें