राजधानी दिल्ली में उपराज्यपाल के निर्देश पर जारी की गई गाइडलाइंस के मुताबिक 15 जनवरी से शुरू होने वाले दाखिलों को लेकर एक बार फिर से संशय की स्थिति बन गई है।
डबल बेंच के बुधवार तक नई गाइडलाइन के अनुसार दाखिले न करने के निर्देश के बाद स्कूल एसोसिएशन का कहना है कि वे अब 15 को डबल बेंच में सुनवाई के बाद ही दाखिला फॉर्म जारी करने को लेकर निर्णय लेंगे। दूसरी ओर शिक्षा विभाग ने बैठकों का दौर शुरू कर दिया लेकिन इसको लेकर अभी चुप्पी साधे हुए हैं। ऐसे में स्थिति बिल्कुल स्पष्ट नहीं है कि बुधवार से फॉर्म मिलने शुरू होंगे भी या नहीं।
सोमवार को कोर्ट की डबल बेंच में स्कूलों की सुनवाई पर कोर्ट ने कहा है कि अगली सुनवाई तक गाइडलाइंस लागू नहीं। अगली सुनवाई 15 जनवरी को होनी है, वहीं शेड्यूल के मुताबिक दाखिला प्रक्रिया भी 15 जनवरी को ही शुरू होनी है।
लिहाजा अभिभावकों के सामने संशय की स्थिति बनना साफ है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कूल से कुछ व निदेशालय के हेल्पलाइन नंबर से अलग-अलग जानकारी मिली। निदेशालय की ओर से शुरू हुए हेल्पलाइन नंबर पर बुधवार से ही फॉर्म मिलने की बात बताई गई।
जबकि दिल्ली स्टेट पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.सी जैन ने कहा कि मामला टलने से 15 जनवरी से फॉर्म नहीं मिल सकते हैं। ऐसा भी संभव है कि दाखिला प्रक्रिया देरी से शुरू हो। दाखिला प्रक्रिया कब से शुरु होगी किन गाइडलाइंस पर शुरू होगी अब यह सब कोर्ट के रुख पर तय करेगा।
वहीं, नेशनल प्रोग्रेसिव स्कूल कांफ्रेस की अध्यक्ष अमिता मूला वॉटल से जब यह पूछा गया कि 15 जनवरी से फॉर्म मिलने शुरू होंगे या नहीं तो इस पर उन्होंने कहा कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है लिहाजा वह कुछ नहीं कह सकती।
इस स्थिति के बाद अभिभावकों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। बीते सप्ताह स्कूलों की याचिका खारिज करने के बाद अभिभावक राहत महसूस करते हुए यह मान कर चल रहे थे कि बुधवार से फॉर्म मिलने शुरू हो जाएंगे। फॉर्म लेने के लिए उसी तरह से अभिभावकों की ओर से अवकाश की योजना बनाई गई थी।
अभिभावकों को इस बात को लेकर भी गुस्सा है कि हर साल जब नर्सरी दाखिला प्रक्रिया शुरू होने में महज एक या दो दिन रह जाते हैं तो तभी ऐसी स्थिति क्यों बनती है जो अभिभावकों के हक में नहीं होती। एडमिशन नर्सरी डॉट कॉम प्रमुख सुमित वोहरा ने कहा कि कोर्ट के रुख के बाद उनकी वेबसाइट पर लगातार अभिभावक अपनी परेशानी जाहिर कर रहे हैं। खासकर यह गुस्सा ज्यादा है कि हर साल अंतिम समय में ही ऐसा क्यों होता है।
‘एलजी की गाइडलाइन 15 तक लागू न हो’
नई दिल्ली हाईकोर्ट की खंडपीठ ने सोमवार को नर्सरी दाखिले मामले की सुनवाई बुधवार तक स्थगित कर दी। खंडपीठ ने शिक्षा विभाग को उपराज्यपाल की ओर से जारी गाइडलाइन बुधवार तक लागू नहीं करने को कहा है। ऐसे में नई गाइडलाइन लागू होगी या नहीं, 15 को सुनवाई के बाद ही साफ होगा।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने बृहस्पतिवार को निजी स्कूलों को कोई भी राहत देने से इनकार कर दिया था। अदालत ने सरकार की ओर से दाखिलों संबंधी जारी अधिसूचना पर रोक लगाने से इनकार करते हुए नए दिशा निर्देश के तहत ही दाखिले देने का निर्देश स्कूलों को दिया था।
निजी स्कूलों ने सिंगल जज के इस आदेश को दो जजों की बेंच के समक्ष चुनौती दी है। न्यायमूर्ति प्रदीप नंदराजोग और न्यायमूर्ति जयंत नाथ के समक्ष सोमवार को सुनवाई होनी थी। खंडपीठ ने कहा कि इस पर बुधवार को सुनवाई की जाएगी। इस बीच शिक्षा विभाग नई गाइडलाइन जारी न करे।