कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) में गलती होने पर जेईई मेंस की तर्ज पर त्रुटि सुधार का मौका नहीं दिया जाएगा। इसके बदले अभ्यर्थी को गलत एंट्री करने के लिए दोबारा नए सिरे से आवेदन करना होगा। इसके लिए शुल्क भी दूसरी बार जमा कराना होगा।
क्लैट 2016 का आयोजन आठ मई को देशभर में किया जाएगा। इस बार परीक्षा राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ, पंजाब की ओर से कराई जा रही है। परीक्षा के फ्रिक्वेंटली आस्क क्वैश्चन (एफएक्यू) में यूनिवर्सिटी ने कई सवालों के जवाब साफ कर दिए हैं।
इसके तहत यह भी साफ कर दिया गया है कि अगर कोई अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन में गलती कर देता है तो उसे त्रुटि सुधार का मौका नहीं दिया जाएगा। इसके बजाय उसे नए सिरे से दोबारा आवेदन करना होगा। पुराने आवेदन का शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। परीक्षा के लिए सिर्फ ऑनलाइन आवेदन ही किए जा सकते हैं। परीक्षा में 0.25 अंकों की नेगेटिव मार्किंग होगी।
250 रुपए में पुराने पेपर
अगर कोई अभ्यर्थी क्लैट की तैयारी के लिए पुराने पेपर लेना चाहता है तो इसके लिए भी उसे अलग से पेमेंट करना होगा। क्लैट में गत वर्षों के प्रश्न पत्र वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए उसे 250 रुपए अदा करने होंगे।
यह पैसा ऑनलाइन मोड में ही दिया जाएगा। किसी भी अभ्यर्थी को अलग से पुराने प्रश्न पत्रों की हार्ड कॉपी उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। परीक्षा के आवेदन का शुल्क सामान्य व ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए 4000 रुपए और एससी, एसटी व दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 3500 रुपए है।
काउंसिलिंग के लिए अभ्यर्थी को 50 हजार रुपए शुल्क जमा कराना होगा जो कि उसके दाखिले में एडजस्ट कर दिया जाएगा। अगर कोई अभ्यर्थी सीट आवंटित होने के बाद एडमिशन नहीं लेता है तो उसे 10 हजार रुपए काटकर बाकी पैसा वापस कर दिया जाएगा।
यह है वेबसाइट : www.clat.ac.in