अगर आपने इस साल जेईई एडवांस परीक्षा 2015 पास करके आईआईटी या आईएमएस की सीट छोड़ी होगी तो इस बार आपको आईआईटी की प्रवेश परीक्षा में बैठने का मौका नहीं मिल पाएगा। आईआईटी गुवाहाटी की ओर से जेईई एडवांस 2016 से संबंधित दिशा निर्देशों में यह जानकारी दी गई है।
इस बार जेईई एडवांस परीक्षा का आयोजन आईआईटी गुवाहाटी की ओर से कराया जाएगा। प्रवेश परीक्षा का नोटिफिकेशन नवंबर के प्रथम सप्ताह में जारी होगा। इससे पहले आईआईटी गुवाहाटी ने प्रवेश परीक्षा से संबंधित सवाल और उनके जवाब अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिये हैं।
इसमें मुताबिक जिन छात्रों ने जेईई एडवांस 2015 परीक्षा के बाद काउंसिलिंग से आईआईटी की सीट हासिल की होगी। एडमिशन लेने के बजाए अलॉट सीट छोड़ दी होगी, उन्हें अब दोबारा जेईई एडवांस परीक्षा में बैठने का मौका नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा अगर किसी छात्र ने संयुक्त काउंसिलिंग के बाद एनआईटी की किसी सीट पर एडमिशन लेने के बाद उसे छोड़ दिया होगा तो वह दोबारा जेईई मेंस और जेईई एडवांस परीक्षा के बाद आईआईटी की सीट पर अपनी दावेदारी पेश कर सकता है।
खास बात यह भी है कि अगर किसी छात्र ने आईआईटी या आईएसएम के प्रिपरेट्री कोर्स में इस साल एडमिशन लिया होगा, वह नए सिरे से जेईई एडवांस 2016 दे सकता है।
क्वालिफाइंग कैंडिडेट्स पर फैसला नवंबर में
आईआईटी में प्रवेश के लिए पहले छात्र को जेईई मेंस परीक्षा पास करनी होती है। इनमें से शीर्ष 1.5 लाख छात्रों को जेईई एडवांस परीक्षा के लिए क्वालिफाई माना जाता है। आईआईटी काउंसिल की ओर से जेईई मेंस से शीर्ष 1.5 लाख की संख्या बढ़ाकर 2 लाख करने का प्रस्ताव रखा गया है।
इस पर गठित कमेटी अपनी संस्तुति देगी। संस्तुति के आधार पर नवंबर के प्रथम सप्ताह में यह साफ हो जाएगा कि इस बार भी पुराना नियम ही रहेगा या नियम बदलेगा।