हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) हमीरपुर इस साल से अपने अस्थायी कैंपस हमीरपुर में एमबीए, एमसीए, एमटेक शुरू करने जा रहा है। तकनीकी विश्वविद्यालय के फैसले से प्रदेश के हजारों युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रदेश के अंदर ही सुविधा मिलेगी।
पड़ोसी राज्यों के युवाओं को भी हिमाचल में उच्च शिक्षा ग्रहण करने का मौका मिलेगा। तकनीकी विश्वविद्यालय के अधीन 10 प्राइवेट और दो सरकारी समेत कुल 12 कॉलेज हैं। डिग्री कॉलेज धर्मशाला और ऊना में एमबीए की सुविधा है।
लेकिन तकनीकी विवि हमीरपुर पहली बार अपने कैंपस में इन कोर्सों की पढ़ाई करवाएगा। एमसीए और एमटेक के लिए छात्रों को बाहरी राज्यों का रुख करना पड़ता है। तकनीकी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. आरएल शर्मा ने एमबीए, एमटेक और एमसीए को अस्थायी कैंपस में शुरू करने की पुष्टि की।
कहा कि तकनीकी विश्वविद्यालय ने प्रदेश के 45 परीक्षा केंद्रों में बी फार्मेसी और बीटेक की परीक्षाओं को संचालित किया है। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए वीरवार को एक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें तकनीकी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मनोज कुमार, सहायक कुल सचिव संजीवन मनकोटिया, सतीश कुमार कटवाल, डीन डा. एनएन शर्मा व वित्ताधिकारी अशोक कुमार धीमान समेत अन्य मौजूद रहे।