एलयू व डिग्री कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू होंगी। यह परीक्षाएं 17 मई तक चलेंगी और इसमें करीब डेढ़ लाख स्टूडेंट शामिल होंगे। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने परीक्षा के लिए 49 केंद्र निर्धारित किए हैं।
परीक्षा नकलविहीन बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। विवि प्रशासन ने आठ उड़ाका दस्ते गठित किए हैं। पहले दिन सिर्फ दो कॉलेजों में ही परीक्षा होगी। फिलहाल, परीक्षा के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दावा किया है कि सभी कॉलेजों में स्टूडेंट्स को प्रवेश पत्र पहुंचा दिए गए हैं। अगर स्टूडेंट्स को कोई समस्या है तो वह अपने कॉलेज में सीधे संपर्क करें।
एलयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. एके शर्मा ने बताया कि सोमवार को सिर्फ दो डिग्री कॉलेजों में ही परीक्षाएं होंगी। इसमें आईटी पीजी कॉलेज व महिला पीजी कॉलेज शामिल हैं।
बीएससी प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के स्टूडेंट्स की होम साइंस की परीक्षा होगी। परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी।
इसके बाद मंगलवार को बीकॉम तृतीय वर्ष व द्वितीय वर्ष के स्टूडेंट्स के वोकेशनल पेपर की परीक्षा दूसरी पाली में होगी। 12 मार्च, बुधवार से बीए प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के स्टूडेंट्स की सैन्य अध्ययन व पुलिस साइंस विषय की परीक्षा पहली पाली में सुबह आठ से 11 बजे तक होगी।
इसी दिन दूसरी पाली में बीएससी प्रथम वर्ष के स्टूडेंट्स की भूगर्भ विज्ञान, बीएससी द्वितीय वर्ष के स्टूडेंट्स की भूगर्भ विज्ञान व बॉयोटेक की और बीएससी तृतीय वर्ष के स्टूडेंट्स की भूगर्भ विज्ञान व बॉयोटेक की परीक्षाएं होंगी।
बीए के पेपरों में मिला गैप
एलयू प्रशासन ने इस बार बीए के तीनो वर्षों में विशेष ख्याल रखा है कि स्टूडेंट्स को लगातार पेपर न देना पड़े। अभी तक बीए में प्रथम, द्वितीय व तृतीय प्रश्नपत्र की परीक्षाएं लगातार होती थीं।
लेकिन इस बार इसमें कम से कम एक दिन का गैप दिया गया है। इसके अलावा इस बात पर भी विशेष ध्यान दिया गया है कि स्टूडेंट के विषयों की परीक्षा भी लगातार न पड़े।
मोबाइल फोन, बैग व लिखित सामग्री लाने पर रोक
एलयू में वार्षिक परीक्षाओं के दौरान स्टूडेंट्स को मोबाइल फोन, बैग व लिखित सामग्री लाने पर पाबंदी रहेगी। कोई स्टूडेंट यह सामग्री लेकर आया तो उसे कक्ष के बाहर रखना होगा।
कक्ष में यह सामग्री मिलने पर यूनिवर्सिटी प्रशासन स्टूडेंट्स को नकल करने के आरोप में पकड़ भी सकता है। एलयू के प्रॉक्टर प्रो. मनोज दीक्षित ने बताया कि यूनिवर्सिटी में परीक्षा देने आ रहे स्टूडेंट्स को गेट नंबर एक, दो, तीन, चार, पांच से प्रवेश दिया जाएगा।
इन्हें दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा। अगर कोई परीक्षार्थी अपने स्थान की जगह कहीं अन्यत्र परीक्षा देते पाया गया तो उसे नकल करने के आरोप में पकड़ा जाएगा।
शिक्षकों व कर्मचारियों को गेट नंबर 2 व चार से प्रवेश दिया जाएगा। स्टूडेंट, कर्मचारी व शिक्षक अपने-अपने प्रवेश द्वार पर स्थित वाहन स्टैंड पर अपनी गाड़ियां खड़ी करेंगे।