आरोपी को था पत्नी पर बुरी नजर रखने का शक
घर से बुला कर ले गया था आरोपी
रोहतक/ सांपला। थानांर्गत गांव भैंसरू खुर्द में शनिवार रात को दंपति ने बीए प्रथम के छात्र को लाठी-डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भैंसरू खुर्द निवासी सुमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव का ही रामबीर शनिवार शाम को उसके भाई अमित (21)को घर से बुलाकर ले गया था। उसके बाद वह घर नहीं आया। उसकी काफी तलाश की गई, मगर वो कहीं नहीं मिला। उसके नंबर पर कई बार फोन किया गया, मगर उसने फोन नहीं उठाया।
रविवार सुबह साढ़े 5 बजे एक दूधिए ने परिवार के लोगों को सूचना दी कि अमित लहूलुहान हालत में रामबीर के मकान के पास पड़ा है। शिकायत पुलिस को दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुमित की शिकायत पर रामबीर व बिमला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
बिमला को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया वहीं रामबीर को देर रात सांपला के नजदीक से गिरफ्तार किया गया। पुलिस की मानें तो रामबीर को शक था कि अमित उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता है और उससे मिलने के लिए उसके घर जाता है। बिमला को अदालत में पेश कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। रामबीर को सोमवार सुबह अदालत में पेश किया जाएगा।
खून के धब्बे मिटा रही थी आरोपी
जैसे ही सांपला पुलिस को अमित की हत्या किए जाने की सूचना मिली तो एसएचओ विजय मौके पर पहुंचे। उस समय बिमला घर में पौचा लगा रही थी तथा फर्श पर पूरी तरह खून बिखरा हुआ था। इंस्पेक्टर विजय ने बिमला को बीच में ही रोक कर खून के नमूने लिए तथा बिमला को गिरफ्तार कर लिया। मौके से ही खून से सने हुए वे डंडे भी बरामद कर लिए।
नीला पड़ गया शरीर
अमित के पूरे शरीर पर डंडों के निशान बने हुए हैं। डंडों की मार के कारण शरीर नीला पड़ गया था। बड़ी ही बेरहमी के साथ अमित की पिटाई की गई। अमित के हाथ-पैरों तथा पीठ के अलावा सिर में भी डंडे मारे गए हैं। पीटने के लिए प्रयोग किए गए डंडे भी पुलिस ने रामबीर के घर से बरामद कर लिए हैं।
पोस्टमार्टम का इंतजार
अमित की मौत किस प्रकार हुई है, यह सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चल सकेगी। पता चला है कि अमित के गले पर भी निशान बना है। हो सकता है कि पिटाई करने के बाद रामबीर व बिमला ने अमित का गला दबाकर उसकी हत्या की हो। इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी।