लखनऊ विश्वविद्यालय की स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए शुक्रवार को दूसरी कटऑफ सूची भी जारी कर दी गई।
बीएससी मैथ्स में सबसे ज्यादा कटऑफ गया है जबकि, दूसरे नंबर पर एलएलबी ऑनर्स का कटऑफ है। लविवि के प्रवेश समन्वयक प्रो. एनके खरे ने बताया कि, जो कटऑफ सूची जारी की गई है वह नॉर्मलाइजेशन फॉर्मूला लगाकर बनाई गई है।
ऐसे निकालें मेरिट इंडेक्स
स्टूडेंट्स इंटरमीडिएट में मिले अपने अंक प्रतिशत को सौ से गुणा कर लें और उसके बाद संबंधित बोर्ड के टॉपर के अंक प्रतिशत से उसे भाग कर लें। इसके बाद जो अंक प्रतिशत आएगा वही फाइनल मेरिट इंडेक्स है।
जिन अभ्यर्थियों ने सब कैटेगरी में वेटेज के लिए आवेदन किया था, उनका मेरिट इंडेक्स और नीचे है। दूसरी कटऑफ सूची वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर अपलोड कर दी गई है।
इस सूची में चयनित अभ्यर्थी 24 जुलाई तक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में ऑनलाइन बैंक चालान के माध्यम से फीस जमा कर सकते हैं या क्रेडिट व डेबिट कार्ड से फीस भुगतान कर सकते हैं।
26 को मिलेगा अलॉटमेंट लेटर
कैंडिडेट्स को ऑनलाइन अलॉटमेंट लेटर 26 जुलाई को जारी किए जाएंगे। इसके बाद अभ्यर्थी अपने संकायों से संबंधित डीन कार्यालय में जाकर डॉक्यूमेंट जमा कर दाखिले की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
प्रो. एनके खरे ने बताया कि, बीकॉम में रेगुलर सीटों की अलग कटऑफ सूची और सेल्फ फाइनेन्स सीटों की अलग कटऑफ सूची जारी की गई है। तीसरी सूची के बारे में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं किया गया है।
बीए पुलिस साइंस में ओपन कैटागरी में 73.554 प्रतिशत, ओबीसी में 65.496 प्रतिशत, एससी में 66.529 प्रतिशत, एसटी में 66.529 प्रतिशत वालों को चुना गया है।