पीयू कैंपस में शुक्रवार रात करीब 11 बजे लाइब्रेरी के पास उस समय हंगामा हो गया, जब अपने ब्वायफ्रेंड के साथ घूमने आई छात्राओं से वाहन सवार 4 युवकों ने छेड़छाड़ कर दी।
इस बात पर छात्राओं के ब्वायफ्रेंड उक्त युवकों से भिड़ गए। मामला बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचित कर दिया। कुछ ही देर में थाना 11 पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस को देख युवकों ने अपने वाहन से भागने का प्रयास किया, लेकिन पीयू के सभी गेट बंद करवा दिए थे, इसलिए युवक भागने में कामयाब नहीं हो पाए। पुलिस दोनों प्रेमी जोड़ों और वाहन सहित चारों युवकों को पूछताछ के लिए 11 नंबर थाने में ले गई है।
खबर लिखे जाने तक पूछताछ जारी थी। गौरतलब है कि छात्राएं आउटसाइडर्स थीं और उनके ब्वायफ्रेंड भी बाहर के रहने वाले ही थे।