हरियाणा में जिन गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला नहीं मिला है। उनके लिए शिक्षा विभाग दोबारा स्कूल के दरवाजे खोलने जा रहा है।
ऐसे बच्चों के लिए फिर से लर्निग लेवल असेसमेंट परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा भिवानी बोर्ड के माध्यम से होगी। स्कूलों में यह दाखिले नियम 134 ए के तहत होंगे।
दो लाख सीटें खाली है स्कूलों में
इस नियम के तहत फिलहाल करीब दो लाख सीटें हरियाणा के स्कूलों में खाली हैं। 40 हजार सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन आए थे, जिसमें से छह या सात हजार बच्चों का ही दाखिला हो पाया है।
अब भी बहुत सीटें खाली हैं। कई बच्चे जानकारी के अभाव में आवेदन नहीं कर पाए थे। जबकि कई के आवेदन सही न होने के कारण उनके फार्म रद्द हो गए थे।
7 हजार बच्चों की दाखिला सूची हो चुकी है जारी
दो जमा पांच मुद्दे जन पार्टी के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह ने कहा है कि करीब 27 लाख बच्चे निजी स्कूलों में पढ़ते हैं। इसमें से दस प्रतिशत बच्चों का हक निजी स्कूल में पढ़ने का है, लेकिन गरीब परिवारों के बच्चे जो पहले फार्म नहीं भर सके थे, उन्हें दोबारा अवसर दिया जाना चाहिए।
मालूम हो कि 11 मई को शिक्षा विभाग ने कक्षा तीन से 12 तक के बच्चों का टेस्ट लिया था। इसमें कक्षा 11 के बच्चे शामिल नहीं थे। टेस्ट के बाद करीब सात हजार बच्चों के दाखिले की सूची विभाग ने जारी कर दी थी। बाकी सीटें निजी स्कूलों में खाली हैं।