कैथेड्रल सीनियर सेकेंड्री स्कूल में एडमिशन फॉर्म मिलने की अंतिम तिथि गुरुवार को समाप्त हो जाएगी। बुधवार को फॉर्म लेेने के लिए सुबह तीन बजे से ही अभिभावकों की भीड़ जमा हो गई।
अभिभावक किसी भी कीमत पर फॉर्म पाना चाहते थे। स्कूल में टोकन सिस्टम के तहत फॉर्म बांटे जा रहे थे। अभिभावकों की भारी भीड़ को देखते हुए स्कूल प्रशासन को कई बार टोकन बांटने पड़े।
कैथेड्रल स्कूल में नर्सरी कक्षा में एडमिशन फॉर्म मिलने का समय 9 बजे से 12 बजे तक था। इसके बावजूद लाडले-लाडलियों को दाखिला दिलाने के लिए स्कूल के सामने सुबह तीन बजे से ही अभिभावकों की लाइन लगनी शुरू हो गई थी।
आलम यह था कि सुबह 6 बजे तक ही चार सौ से ज्यादा टोकन बांटे जा चुके थे। अभिभावकों की भीड़ कम न होने पर कई बार टोकन बांटने पड़े।
गुरुवार को एडमिशन फॉर्म मिलने की आखिरी तारीख है। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे नगर निगम और अस्पताल द्वारा जारी जन्म प्रमाणपत्र की मूल प्रति लेकर ही फॉर्म लेेने जाएं।
सेंट फ्रांसिस में बंटे 2000 फॉर्म
सेंट फ्रांसिस स्कूल में एडमिशन फॉर्म मिलने की अंतिम तिथि बुधवार को समाप्त हो गई। स्कूल के एडमिशन फॉर्म 15 दिसंबर को जमा होंगे।
बुधवार को फॉर्म मिलने की अंतिम तिथि होने के कारण स्कूल में अभिभावकों की लंबी लाइन लगी। नर्सरी कक्षा में एडमिशन के लिए स्कूल में तीन दिन में मिलाकर करीब दो हजार एडमिशन फॉर्म बिके।
सेंट फ्रांसिस स्कूल की गोमती नगर शाखा के एडमिशन फॉर्म शाहनजफ रोड और गोमती नगर शाखा से 16 दिसंबर से 18 दिसंबर के बीच प्राप्त किए जा सकेंगे।
स्कूल की मीडिया प्रभारी सिस्टर डीकोस्टा ने बताया कि सेंट फ्रांसिस स्कूल की सत्र 2014 से खुलने जा रही गोमती नगर एक्सटेंशन सेक्टर-4 शाखा में नर्सरी के एडमिशन फॉर्म गोमतीनगर के साथ ही हजरतगंज शाखा से प्राप्त किए जा सकते हैं।
एडमिशन फॉर्म 16 दिसंबर से 18 दिसंबर के बीच मिलेंगे। फॉर्म की कीमत 400 रुपये रखी गई है। एडमिशन के लिए बाकी शर्तें हजरतगंज जैसी ही हैं।
फॉर्म जमा करने की तिथि 21 दिसंबर निर्धारित की गई है। फॉर्म सुबह 10 से दोपहर 1 बजे के बीच जमा किए जा सकेंगे। गोमती नगर शाखा में नर्सरी को छोड़कर बाकी कक्षाओं के एडमिशन फॉर्म मार्च 2014 से मिलेंगे।