दिल्ली विश्वविद्यालय में रेगुलर कॉलेजों में दाखिले के लिए जारी आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिन आवेदकों ने अब तक आवेदन जमा नहीं किया तो उनके लिए सोमवार तक आवेदन करने का आखिरी मौका होगा।
दरअसल सोमवार को आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने जा रही है। ऑफलाइन आवेदन के लिए जहां अब छात्रों के पास एक दिन बाकी है। वहीं ऑनलाइन आवेदकों केपास अब भी दो दिन आवेदन करने का मौका है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया न केवल रविवार को भी जारी रहेगी बल्कि सोमवार को ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया से समय भी ज्यादा मिलेगा। दिल्ली विश्वविद्यालय में बीते 28 मई को ऑनलाइन व 5 जून को ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी।
सोमवार को दोनों ही आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया दोपहर तीन बजे समाप्त होगी जबकि ऑनलाइन आवेदन के तहत सोमवार आधी रात (12 बजे) तक आवेदन किया जा सकेगा। वहीं शनिवार को कॉलेज सेंटरों पर जारी आवेदन प्रक्रिया की रफ्तार धीमी रही।