सेक्टर-8 डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लाहौर) के बच्चों ने देश की सरहद पर तैनात सैनिकों की हौसला अफजाई के लिए एक हजार पोस्ट कार्ड तैयार किए। अमर उजाला और समाज सेवी संस्था युवसत्ता के सहयोग से चलाए जा रहे कौमी एकता सप्ताह के तहत ये कवायद हुई है।
इस मौके पर स्कूल में एक क्विज प्रतियोगिता भी कराई गई। संचालन अध्यापिका बलजिंद्र कौर ने किया। स्कूल प्रिंसीपल डॉ. सुदेश राघव ने प्रतियोगिता में पहले दस स्थानों पर रहने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया।
युवसत्ता के समन्वयक प्रमोद शर्मा ने बताया कि बच्चों द्वारा तैयार किए गए ये ग्रीटिंग कार्ड पाकिस्तान जाने वाले पीयू प्रोफेसर मनजीत सिंह और प्रो.मोहम्मद खालिद को सौंपे जाएंगे। वे दोनों शिक्षक चंडीगढ़ के बच्चों के शांति संदेश को लेकर लाहौर जाएंगे।
इस मौके पर जयपुर से चंडीगढ़ पहुंचे गांधीवादी प्रोफेसर एमिरेट्स ओपी जोशी ने अपनी 43 फीट की गांधी के जीवन को दर्शाती खास पेंटिंग में बापू के जीवन से जुड़े 111 तस्वीरों के बारे में भी बच्चों को बताया।
इस मौके पर डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-8 प्रिंसिपल डॉ. विभा रे, डिप्टी डायरेक्टर स्कूल सरोज मित्तल, डायरेक्टर पेराप्लेजिक रिहेबिलिटेशन सेंटर मोहाली के कर्नल जसवंत सिंह भी मौजूद थे।
25 हजार पोस्ट कार्ड भेजेंगे सरहद पर सैनिकों को
युवसत्ता संयोजक प्रमोद शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर तक चलने वाले कौमी एकता सप्ताह के तहत सैनिकों की हौसला अफजाई के लिए ट्राइसिटी के विभिन्न स्कूलों के बच्चे 25 हजार पोस्ट कार्ड पर प्रेरणादायक संदेश लिखेंगे। इन पोस्ट कार्ड को हफ्ते भर में सरहद पर सैनिकों को भेजे जाएंगे।