अब आप एक टच पर अपने स्मार्ट फोन पर शिक्षा और रोजगार की जानकारी पा सकेंगे। इसमें यूजीसी, यूपीएससी, डीयू, एनसीटीई, बैकिंग, सिविल सर्विसेज और एआईसीटीई की जानकारी के साथ-साथ रोजगार समाचार के जरिए नौकरी का भी पता चलेगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने एंड्रॉयड मोबाइल के लिए डीयू ऐप तैयार किया है। इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
शिक्षा और रोजगार की जानकारी आसान बनाने के लिए तैयार किए गए इस ऐप के जरिए न केवल नौकरी तलाशी जा सकती है, बल्कि देश में उच्च शिक्षा के दाखिलों की जानकारी भी मिलेगी।
डीयू ऐप को तैयार करने वाले डिप्टी डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने बताया कि इसकी मदद से शिक्षा और रोजगार से जुड़ी जानकारी को तलाशने के लिए अलग-अलग वेबसाइट पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इस ऐप पर एक ही जगह सारी जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि ऐप को अच्छा रेस्पॉन्स मिल रहा है। अब तक इस ऐप को भारत समेत यूएसए और जापान जैसे देशों में देखा जा चुका है।
प्लेसमेंट एंड करियर कॉर्नर खास
डीयू ऐप की सबसे खास बात है प्लेसमेंट एंड करियर का विकल्प। इसके जरिए छात्रों के लिए देश भर में कहां-कहां नौकरी की गुंजाइश है, इसकी जानकारी मिलेगी। इस पर कॉरपोरेट सेक्शन में बिजनेस हाउस छात्रों को प्लेसमेंट और इंटर्नशिप का ऑफर देने के लिए ऑनलाइन रजिस्टर्ड हो सकते हैं।
कार पूलिंग से सुधरेगा पर्यावरण
इस ऐप की एक खास विशेषता है इस पर उपलब्ध कार पूलिंग की सुविधा। कार पूलिंग में एक ही रूट पर पड़ने वाले दफ्तर या संस्थान जाने-आने के लिए लोग अलग-अलग वाहनों के बजाय एक ही वाहन का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐप को तैयार करने वाले डॉ. टुटेजा का मानना है कि प्रदूषण काफी बढ़ रहा है। इसका मुख्य कारण सड़कों पर वाहनों का बढ़ना है। अगर लोगों को कार पूलिंग के बारे में जागरूक किया जाए और वह उसमें रुचि लें तो प्रदूषण सुधारने में काफी मदद मिलेगी। ऐप पर इसकी जानकारी दी जा रही है।
डीयू ऐप की खास बातें
डीयू में प्लेसमेंट और करियर की जानकारी, किताबों और अन्य सामान को एक दूसरे के बीच बेचना, खरीदना व दान देना, कार पुलिंग करने की व्यवस्था, एडमिशन वॉच, सभी बड़े संस्थानों के लिंक, यूजीसी नोटिस व नोटिफिकेशन, यूपीएससी के विभिन्न एग्जाम, फर्जी विश्वविद्यालयों की जानकारी, प्लेसमेंट के लिए कॉरपोरेट कॉर्नर, एडहॉक शिक्षकों के लिए जानकारी, रोजगार समाचार और स्टाफ सलेक्शन कमीशन की जानकारी मिलेगी।