अगर आप 12वीं बोर्ड परीक्षा के साथ ही आईआईटी जाने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। आईआईटी और आईएसएम धनबाद में दाखिले की राह देख रहे युवाओं के लिए बोर्ड परीक्षा की तैयारी से मदद मिल सकती है। आईआईटी के दाखिलों के इतिहास पर नजर डालें तो लगभग 30 प्रतिशत प्रश्न बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर आधारित होते हैं।
गत वर्षों की तुलना में 2013, 2014 और वर्ष 2015 का प्रश्न पत्र कुछ आसान था। इसके लिए बाकायदा निर्देश दिए गए थे कि पेपर बनाने के लिए 30 प्रतिशत फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ के सवाल ऐसे रखे जाएं, जो बोर्ड की तैयारी पर आधारित हों। इस साल भी जेईई एडवांस का प्रश्न पत्र इसी फार्मूले पर तैयार किया जाएगा। यानी छात्र ने 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी बढ़िया से की तो उसे 30 प्रतिशत सवाल ऐसे मिल जाएंगे, जो कि बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर होंगे। छात्र उन्हें आसानी से हल कर लेंगे। इससे छात्र के लिए आईआईटी की राह आसान हो जाएगी।
जेईई मेंस में भी बोर्ड तैयारी कारगर
सीबीएसई की ओर से आयोजित होने जा रही ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन(जेईई) मेंस 2016 परीक्षा में भी बोर्ड की तैयारी काफी कारगर साबित होगी। विशेषज्ञों के मुताबिक इस परीक्षा में ज्यादातर पाठ्यक्रम बोर्ड पर आधारित होता है। इसके लिए कोई अलग से किताबें पढ़ने की जरूरत नहीं। परीक्षा विशेषज्ञ विपिन बलूनी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के साथ ही एनसीईआरटी की किताबों का अध्ययन प्रतियोगी परीक्षा के लिए कारगर रहेगा।